अवैध निर्माण से मचा हड़कंप
पश्चिम मेदिनीपुर जनपद के मेदिनीपुर शहर अंतर्गत अशोक नगर स्थित परित्यक्
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : पश्चिम मेदिनीपुर जनपद के मेदिनीपुर शहर अंतर्गत अशोक नगर स्थित परित्यक्त जोनल लेप्रोसी कार्यालय में अवैध निर्माण चल रहे होने की खबर मिलने से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। गुरुवार की सुबह जिला मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गिरीश चंद्र बेरा के नेतृत्व में डिप्टी सीएमओएच डॉ. रवीन्द्र नाथ प्रधान व सीएमओएच-2 डॉ. सौम्यकांति षाडंगी व अन्य अशोक नगर स्थित परित्यक्त जोनल लेप्रोसी कार्यालय का निरीक्षण करने पहुंचे थे।
मौका-मुआयना के दौरान अधिकारियों ने देखा कि कार्यालय का मुख्य प्रवेश द्वार भी अवैध दुकानें खुलने से बंद हो गया है। अधिकारियों ने संबंधित दुकानदारों से दुकानें हटाने का अनुरोध किया तो दुकानदारों ने कम से कम दो दिन का समय दिए जाने का अनुरोध किया। इसके बाद अधिकारियों ने खुद ही मुख्य द्वार के सामने खोली गई दो दुकानों को हटाया तो भीतर प्रवेश करने का रास्ता मिल गया। अंदर कार्यालय की चारदीवारी के भीतर ही एक कमरे का अवैध निर्माण चलते देखा। तत्काल निर्माण कार्य बंद कराने के साथ कार्यालय के समक्ष खुली अवैध दुकानों को भी हटाने की प्रक्रिया शुरू करा दी गई। सीएमओएच डॉ. गिरिश चंद्र बेरा ने कहा कि पूर्व में यहां पर जोनल लेप्रोसी कार्यालय संचालित होता था। यह जगह स्वास्थ्य विभाग की है। यहां पर अवैध निर्माण की खबर मिलने के बाद उसे हटाने के लिए हम लोगों ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही यहां पर सीएमओएच-2 कार्यालय व अधिकारी विश्रामागार का निर्माण कराया जाएगा।