अंतरराज्यीय व अंतरराष्ट्रीय समस्या है हाथी : वन मंत्री
पश्चिम बंगाल के विभिन्न जनपदों में विचरण करने वाले हाथी वास्तव में यहां
संवाद सूत्र, मेदिनीपुर : पश्चिम बंगाल के विभिन्न जनपदों में विचरण करने वाले हाथी वास्तव में यहां के नहीं हैं। पड़ोसी राज्यों से आने वाले हाथियों के वापस नहीं लौट पाने से यह समस्या उत्पन्न हुई है। प्रदेश के वन मंत्री विजय कृष्ण बर्मन ने उक्त विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वास्तव में पश्चिम बंगाल को अंतर्राष्ट्रीय व अंतर्राज्यीय स्तर पर इस समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
इस बाबत केंद्र सरकार को अवगत कराया गया है। हालांकि केंद्र सरकार के हस्तक्षेप करने के बावजूद पड़ोसी राज्य ओड़शा इस दिशा में कोई पहल करने को तैयार नहीं दिखता है। पश्चिम मेदिनीपुर जनपद के शालबनी प्रखंड अंतर्गत भादूतला रेंज के तत्वावधान में बालीजुड़ी प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को आयोजित वन सुरक्षा कमेटी व स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को उत्साह भत्ता प्रदान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे वन मंत्री विजय कृष्ण बर्मन ने उक्त बातें संवाददाताओं से मुखातिब होने के क्रम में कही। उन्होंने कहा कि पहले दलमा से प्रतिवर्ष हाथियों का दल पश्चिम बंगाल के रास्ते ओड़िशा तक जाता था। कुछ दिन वहां रहने के बाद हाथियों का दल वापस दलमा लौट जाता था। उस दौर में कहीं-कहीं पर दो-चार हाथी ही दल से छूटकर यहां स्थाई रूप से अपना निवास बना लेते थे। परंतु ओड़िशा सरकार ने हाथियों के विचरण मार्ग को बंद करा दिया, जिससे मयूरभंज के रास्ते वापसी करने वाले हाथी दलमा वापस न जाकर दक्षिण बंगाल के विभिन्न जिले में फसलों को क्षति पहुंचा रहे हैं। दूसरी ओर पड़ोसी देश नेपाल से उत्तर बंगाल आने वाले हाथियों का दल भी विभिन्न सुरक्षा कारणों से वापस नहीं लौट रहा है। हाथियों की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गंभीर हैं। हाथियों से बचाव के लिए हूला पार्टी को मजबूत बनाने के साथ लोगों को सचेत करने की दिशा में काम किया जा रहा है। बेलपहाड़ी के मयूर झरना इलाके में वन विभाग हाथियों का स्थाई निवास तैयार कर रहा है।
------------
एक करोड़ 75 लाख की राशि बांटी
समारोह के दौरान वन मंत्री विजय कृष्ण बर्मन व जल संपदा मंत्री डॉ. सोमेन महापात्रा ने वन सुरक्षा कमेटी के सदस्यों के बीच एक करोड़ 75 लाख रुपये बतौर उत्साह भत्ता वितरित किए। साथ ही 15 स्वयं सहायता समूहों को भी पौधे व उत्साह भत्ता प्रदान किया गया। अतिथियों ने हाथी आधारित तथ्य चित्र सीडी का भी विमोचन किया।