मालदा: हरिश्चंद्रपुर रेलवे स्टेशन के पास अवैध बंदूक के साथ युवक गिरफ्तार, दो कारतूस भी बरामद
हरिश्चंद्रपुर थाना पुलिस ने गश्त के दौरान रेलवे स्टेशन के पास से एक युवक को अवैध आग्नेयास्त्र और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार मोनिरुल इस्लाम से पुलिस हथियार के स्रोत और उसके उद्देश्य के बारे में पूछताछ कर रही है।
-1795513714574_m.webp)
अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार। (फोटो- जागरण)
HighLights
हरिश्चंद्रपुर पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास से युवक को पकड़ा।
संदिग्ध के पास से एक बंदूक और दो कारतूस बरामद हुए।
पुलिस हथियार के स्रोत और उद्देश्य की जांच कर रही है।
संवाद सूत्र, मालदा। हरिश्चंद्रपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रात के अंधेरे में गश्त के दौरान पुलिस ने हरिश्चंद्रपुर रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलगेट से एक युवक को आग्नेयास्त्र और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। गिरफ्तार युवक की पहचान 26 वर्षीय मोनिरुल इस्लाम के रूप में हुई है। वह हरिश्चंद्रपुर थाना क्षेत्र के गाहामाबाद इलाके का रहने वाला है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार रात हरिश्चंद्रपुर रेलवे स्टेशन के पास रेलगेट पर पुलिस गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक युवक संदिग्ध अवस्था में घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक सिंगल बैरल बंदूक और दो कारतूस बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।मंगलवार को गिरफ्तार युवक को चांचल महकमा अदालत में पेश किया गया।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि युवक के पास आग्नेयास्त्र कहां से आया था और वह किस उद्देश्य से उसे लेकर घूम रहा था। इसके अलावा उसके किसी पूर्व आपराधिक मामले में संलिप्त होने की भी जांच की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए हरिश्चंद्रपुर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।