विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: मॉक ड्रिल में दिखी रेल प्रशासन की मुस्तैदी, चंद मिनटों में शुरू हुआ बचाव अभियान

Published: Sat, 21 Nov 2026 03:33 PM (IST)

मालदा में रेलवे और एनडीआरएफ ने संयुक्त रूप से ट्रेन पटरी से उतरने की मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इसका उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की तैयारी परखना था।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, मालदा। स्पेशल ट्रेन के पटरी से उतरने और कई यात्रियों के घायल होने की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियां लगातार मौके पर पहुंचने लगीं। युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू हो गया।

पहली नजर में यह दृश्य किसी बड़े रेल हादसे का लग रहा था। हालांकि, वास्तव में कोई दुर्घटना नहीं हुई थी, बल्कि रेलवे और एनडीआरएफ की ओर से संयुक्त रूप से मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया था।

शनिवार को सुबह करीब 10:45 बजे मालदा टाउन स्टेशन यार्ड के न्यू स्टेबलिंग लाइन पर यह मॉक ड्रिल आयोजित की गई। पूर्व रेलवे के मालदा मंडल और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) ने संयुक्त रूप से स्पेशल ट्रेन के पटरी से उतरने की काल्पनिक दुर्घटना का दृश्य तैयार किया।

इसके बाद वास्तविक दुर्घटना की तरह ही राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। रेल प्रशासन, एनडीआरएफ, एंबुलेंस और दमकल विभाग को हादसे की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सभी संबंधित विभागों की टीमें तेजी से घटनास्थल पर पहुंचीं और बचाव कार्य का अभ्यास किया।

पूरे मॉक ड्रिल की निगरानी पूर्व रेलवे के मालदा मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने की। उन्होंने बताया कि आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से यह मॉक ड्रिल आयोजित की गई।

इस अभ्यास के दौरान रेलकर्मियों और संबंधित विभागों की जिम्मेदारियों, घटनास्थल पर शीघ्र पहुंचने की क्षमता तथा आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया गया।

रेल प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भविष्य में किसी वास्तविक रेल दुर्घटना या आपातकालीन परिस्थिति में सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ तत्काल और प्रभावी कार्रवाई कर सकें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।