बंगाल: मालदा में प्रार्थना सभा में बवाल, मिशनरी पर मतांतरण के लिए प्रेरित करने का आरोप
मालदा के हरिश्चंद्रपुर में एक प्रार्थना सभा में धर्मांतरण के आरोप को लेकर हिंदू संगठनों और ईसाई मिशनरियों के बीच झड़प हो गई।

मिशनरी पर मतांतरण के लिए प्रेरित करने का आरोप। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)
HighLights
मालदा में प्रार्थना सभा में धर्मांतरण का आरोप।
हिंदू संगठनों और मिशनरी के बीच हुई झड़प।
बजरंग दल के पांच कार्यकर्ता हुए घायल।
संवाद सूत्र, मालदा। रविवार को मालदा के हरिश्चंद्रपुर थाना क्षेत्र के गोला मोड़ इलाके में हो रही एक प्रार्थना सभा में जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान वहां पहुंचे हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं का आरोप था कि प्रार्थना सभा की आड़ में ईसाई धर्म अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट भी हो गई। इसमें बजरंग दल के पांच कार्यकर्ताओं को चोट आई है।
मालदा बजरंग दल के संगठनात्मक जिला संयोजक रितम दास का आरोप है कि ईसाई मिशनरी विदेशी धन के माध्यम से निर्धन वर्ग के लोगों को मतांतरण के लिए प्रेरित कर रही है। पूरे मामले की पुलिस जांच कर उचित कार्रवाई करे। वहीं भाजपा नेता अर्जुनकेश्री ने कहा कि चुप नहीं रहेंगे, जबरन मतांतरण कराने वालों को जवाब दिया जाएगा।
दरअसल, गोला मोड़ इलाके में अनुसूचित जाति समुदाय के करीब 100 मुसहर हिंदू परिवार रहते थे। इनमें से 40 परिवार अब मतांतरित होकर ईसाई हो चुके हैं। यहां के एक घर में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था।
आरोप है कि यहां प्रार्थना सभा में गरीब परिवारों के जो लोगों को बुलाया गया, उनको आर्थिक सहायता का लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था। इसकी सूचना कुछ स्थानीय युवकों ने बजरंग दल व हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं को दी। बस क्या था दोनों संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। वहां प्रार्थना कराने आए ईसाई मिशनरी के लोग भी मौजूद थे। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, इसके बाद झड़प हो गई।
प्रार्थना सभा कराने वालों का आरोप है कि जिस घर में कार्यक्रम था वहां इन संगठनों के लोगों ने तोड़फोड़ की। हालांकि, हिंदू संगठनों ने आरोपों को नकारा है। कहा है कि उन पर ही हमला किया गया। इसमें बजरंग दल के पांच सदस्य घायल हो गए। उनका हरिश्चंद्रपुर ग्रामीण अस्पताल में इलाज चल रहा है। ईसाई धर्म अपनाने वाले दारज मुसहर का कहना है कि स्वेच्छा से मतांतरण किया है।
रविवार को घर में केवल प्रार्थना सभा आयोजित की गई। तभी कुछ बाहरी लोगों ने पहुंचकर तोड़फोड़ की। मालदा के जिला पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह ने कहा कि रविवार को प्रार्थना सभा के दौरान तनाव की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही हरिश्चंद्रपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।