बंगाल में भाजपा नेता चंदन मंडल की हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मालदा में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष चंदन मंडल की हत्या के मुख्य आरोपित कन्हाई चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

भाजपा नेता चंदन मंडल की हत्या का मुख्य आरोपित गिरफ्तार (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
भाजपा नेता चंदन मंडल की हत्या का मुख्य आरोपित गिरफ्तार
कन्हाई चौधरी को मालदा जिला अदालत में पेश किया गया
भाजपा ने तृणमूल पर लगाया हत्या का आरोप, TMC ने नकारा
जागरण संवाददाता, मालदा। बंगाल के मालदा जिले में भाजपा नेता की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित कन्हाई चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। हबीबपुर थाना क्षेत्र के ऋषिपुर के दक्षिण चांदपुर गांव में भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष चंदन मंडल की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। शनिवार को आरोपित को मालदा जिला अदालत में पेश किया गया।
मृतक के स्वजन ने इसे सुनियोजित हत्या करार देते हुए आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, भाजपा नेता तथा राज्य के मंत्री जुएल मुर्मु ने इस घटना के पीछे तृणमूल कांग्रेस का हाथ होने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष कार्तिक पूजा के दौरान भी हमला किया गया था। इस बार सुनियोजित तरीके से हत्या की गई। इलाके में शराब और जुए के अड्डे का विरोध करने के कारण भाजपा नेता को निशाना बनाया गया। उन्होंने आरोपित को तृणमूल कार्यकर्ता बताया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को इस घटना की जानकारी दी गई है।
दूसरी ओर, तृणमूल नेता विश्वजीत घोष ने इन आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि यह गांव का आपसी विवाद है और इसका राजनीति से कोई संबंध नहीं है। भाजपा जानबूझकर इस मामले में तृणमूल का नाम घसीट रही है। उन्होंने भी आरोपित को कड़ी सजा देने की मांग की।