गुटबाजी के शिकार हुए पंचायत प्रधान, अपने दल के समर्थकों ने किया हमला
मालदा के हरिशचंद्रपुर के दो नंबर ब्लॉक के दौलतपुर ग्राम पंचायत में तृणमूल की गुटबाजी फिर सामने आयी। आरोप है कि पंचायत प्रधान ताफाजुल हक और उनकी पत्नी तसलीमा बीबी पर हमला किया गया। इसे लेकर थाने में प्राथमिकी भी दर्ज करायी गयी है।
संवाद सूत्र, मालदा : मालदा के हरिशचंद्रपुर के दो नंबर ब्लॉक के दौलतपुर ग्राम पंचायत में फिर तृणमूल की आपसी गुटबाजी सामने आ गयी। इस गुटबाजी के शिकार हुए पंचायत प्रधान ताफाजुल हक। गौरतलब है कि सोमवार रात इलाके के कुछ तृणमूल के कार्यकर्ता जबरन रंगदारी उठा रहे थे। इसकी सूचना पंचायत प्रधान को मिली। उन्होंने घटनास्थल पर जाकर इसका विरोध किया। इसपर पार्टी के समर्थकों ने पंचायत प्रधान को बेधड़क पीटा एवं उनके हाथ की एक अंगुली को भी तोड़ दिया। ताफाजुल हक पर हमले की जानकारी मिलते ही उनकी पत्नी तसलीमा बीबी उन्हें बचाने के लिए गयी। लेकिन पंचायत प्रधान की बीबी के साथ भी बदसलूकी की गयी।
इस घटना के संबंध में तृणमूल के बुलबुल खान ने बताया कि इस घटना के पीछे हमारे दल के किसी सदस्य का हाथ नहीं है। पंचायत प्रधान पार्टी के निर्देश की अवहेलना करते है। उनके खिलाफ बहुत से शिकायतें मिली है। कुछ दिन के बाद उन्हें इस पद से हटा दिया जाएगा। इसलिए वें झूठा आरोप लगा रहे है। उन्होंने हमारी पार्टी के कर्माध्यक्ष पर हमला किया। इस घटना से पूरे जिला में हलचल मची हुई है। जिला तृणमूल कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष दुलाल सरकार ने बताया कि इस तरह की मारपीट की घटना निंदाजनक है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गयी है।