अब वैश्विक बंगाली प्रवासियों से निवेश आकर्षित करने की तैयारी
बंगाल सरकार दुनिया भर में बसे बंगाली मूल के उद्यमियों और तकनीकी विशेषज्ञों से संपर्क बढ़ाकर राज्य में निवेश आकर्षित करने की तैयारी कर रही है। वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता का मानना है कि वैश्विक बंगाली समुदाय के साथ संवाद से राज्य में निवेश पर व्यापक सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

HighLights
बंगाल सरकार वैश्विक बंगाली उद्यमियों से निवेश आकर्षित करेगी।
वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता सिलिकॉन वैली सम्मेलन में भाग लेंगे।
प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन कोलकाता में आयोजित होगा।
राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। बंगाल सरकार अब दुनिया भर में बसे बंगाली मूल के उद्यमियों, तकनीकी विशेषज्ञों और निवेशकों से संपर्क बढ़ाकर राज्य में निवेश आकर्षित करने की तैयारी कर रही है। राज्य के वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता का मानना है कि वैश्विक बंगाली समुदाय के साथ संवाद का राज्य में निवेश पर व्यापक और सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि विदेशों में कई बंगाली मूल के लोग बड़ी कंपनियों में महत्वपूर्ण पदों पर हैं और उनके पास तकनीकी विशेषज्ञता तथा निवेश से जुड़े अनुभव हैं। उनके सहयोग और संपर्कों का लाभ पश्चिम बंगाल को मिल सकता है।
दासगुप्ता ने बताया कि राज्य सरकार दुनिया भर में बसे भारतीयों और बंगाली समुदाय से सुझाव, प्रतिक्रिया और उनकी चिंताओं को समझने की कोशिश कर रही है। भारत सरकार का प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन सात से नौ जनवरी 2027 तक इस बार कोलकाता में आयोजित होगा। इस सम्मेलन को राज्य सरकार वैश्विक प्रवासी समुदाय से जुड़ने के एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देख रही है।
वित्त मंत्री के अनुसार, सरकार पहले से ही दुनिया भर में बंगाली मूल के कारपोरेट अधिकारियों, उद्यम पूंजी निवेशकों, डीप-टेक विशेषज्ञों और उद्यमियों से बातचीत कर रही है। उनका मानना है कि इन संपर्कों से भविष्य में निवेश के नए रास्ते खुल सकते हैं।
सिलिकान वैली में भी बंगाल की निवेश नीति का होगा प्रचार
वित्त मंत्री अप्रैल 2027 में अमेरिका के सिलिकान वैली में आयोजित होने वाले 'कानफ्लुएंस 2027' में अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह वैश्विक व्यापार, निवेश और नवाचार सम्मेलन 9 से 11 अप्रैल तक कैलिफोर्निया के सैन जोस मैकनेरी कन्वेंशन सेंटर में होगा। इसमें 'द बंगाल रेनेसां 2.0' विषय पर उद्घाटन भाषण और 'बिल्ड बंगाल' शीर्षक से कैपिटल फोरम आयोजित किया जाएगा। दासगुप्ता ने कहा कि बंगाल को ऐसी निवेश-अनुकूल व्यवस्था तैयार करनी होगी, जिससे वैश्विक तकनीकी विशेषज्ञ और उद्यमी राज्य के साथ काम करने के लिए प्रेरित हों।
उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ वैश्विक निवेशकों के बीच राज्य में नवाचार, कामकाज की गति और कार्य संस्कृति को लेकर धारणाएं रही हैं। सरकार का प्रयास इन धारणाओं को बदलने और राज्य में उपलब्ध अवसरों को सामने रखने का है।
उन्होंने कहा कि बड़े निवेश को जमीन पर उतरने में समय लगता है। फिलहाल सरकार का ध्यान राज्य में पहले से मौजूद कंपनियों के कार्यालयों और उनकी गतिविधियों का विस्तार करने पर भी है। इसके साथ ही निवेश प्रोत्साहन वाली नीति और सुविधाओं को वैश्विक निवेशकों के सामने रखा जाएगा।