विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में चक्रवात 'अकवान' का कहर, 5 जिलों में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त; फ्लाइट्स और ट्रेन सेवाएं प्रभावित

Published: Fri, 20 Nov 2026 07:49 PM (IST)

चक्रवात 'अकवान' के प्रभाव से दक्षिण बंगाल के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। 

दक्षिण बंगाल में चक्रवात अकवान का कहर। (फोटो-ANI)

दक्षिण बंगाल में चक्रवात अकवान का कहर। (फोटो-ANI)

HighLights

  1. चक्रवात अकवान से दक्षिण बंगाल में तेज हवाओं संग मूसलाधार बारिश।

  2. कोलकाता-भुवनेश्वर उड़ानें रद्द, ट्रेनें विलंबित, स्कूल बंद रहे।

  3. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मैच भी बारिश के कारण रद्द।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। चक्रवात ‘अकवान’ ने शुक्रवार सुबह भले ओडिशा के तटीय इलाके में दस्तक दी हो, लेकिन इसका दक्षिण बंगाल पर भी व्यापक असर दिखा। इसके प्रभाव से कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर व दक्षिण 24 परगना, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर व नदिया जिलों के विभिन्न इलाकों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई।

वहीं शनिवार को दक्षिण 24 परगना, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम और बांकुड़ा में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी है। वहां सात से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। चक्रवात के प्रभाव से बंगाल के तटीय इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं।

शुक्रवार को खराब मौसम के कारण कोलकाता-भुवनेश्वर के बीच छह उड़ानें रद कर दी गईं। ट्रेन सेवाओं, विशेषकर लोकल पर भी असर पड़ा। कई ट्रेनें विलंब से छूटीं। भारी वर्षा की आशंका देखते हुए कोलकाता के कई स्कूलों में शुक्रवार को छुट्टी की घोषणा कर दी गई थी।

इस दिन बाजारों में भी चहलपहल कम रही। कार्यालय जाने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अलीपुर स्थित मौसम कार्यालय के अनुसार इसका प्रभाव सोमवार तक बना रह सकता है। हालांकि चक्रवात का उत्तर बंगाल पर बहुत अधिक प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है।

सोमवार तक उत्तर बंगाल के सभी जिलों में छिटपुट बारिश हो सकती है। पिछले 24 घंटे में नदिया जिले के कल्याणी में सबसे अधिक 91.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। पश्चिम मेदिनीपुर के कलाईकुंडा में 89.8 मिलीमीटर और कोलकाता में 63.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

चक्रवात के कारण नहीं हो पाए सैयद मुश्ताक अली ट्राफी के मैच

वर्षा के कारण सैयद मुश्ताक अली ट्राफी के मैच नहीं हो पाए। ईडन गार्डेस स्टेडियम में उत्तराखंड व ओडिशा व जादवपुर विश्वविद्यालय के ग्राउंड में हैदराबाद व गोवा व छत्तीसगढ व गुजरात के बीच मैच नहीं हो पाया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।