बंगाल में गाड़ी के मालिकों को बड़ी राहत, बकाया टैक्स पर जुर्माना पूरी तरह होगा माफ
बंगाल सरकार ने वाहन मालिकों को बड़ी राहत देते हुए बकाया टैक्स पर लगा जुर्माना पूरी तरह माफ कर दिया है।

गाड़ियों के बकाया टैक्स पर लगा जुर्माना पूरी तरह माफ (फाइल फोटो)
HighLights
बकाया वाहन टैक्स पर लगा जुर्माना पूरी तरह माफ
फिटनेस प्रमाणपत्र नवीनीकरण में देरी पर शुल्क में भारी कटौती
यह योजना 23 नवंबर से 31 दिसंबर 2026 तक प्रभावी
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल सरकार ने वाहन मालिकों को बड़ी राहत देते हुए बकाया टैक्स पर लगा जुर्माना पूरी तरह माफ कर दिया है। इसी के साथ फिटनेस प्रमाणपत्र के नवीनीकरण में देरी पर लगने वाले अतिरिक्त शुल्क में भारी कटौती की घोषणा की है।
परिवहन विभाग ने इसके लिए एकमुश्त छूट योजना 2026-27 लागू की है, जो 23 नवंबर से 31 दिसंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी। इसका लाभ पंजीकृत परिवहन और गैर-परिवहन, दोनों श्रेणियों के वाहन मालिकों को मिलेगा।
योजना के तहत जिन वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र की वैधता समाप्त हो चुकी है, उनके नवीनीकरण में देरी पर लगने वाले अतिरिक्त शुल्क में भी रियायत दी गई है।
30 दिन से कम की देरी होने पर प्रतिदिन 50 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा। वहीं, 30 दिन या इससे अधिक की देरी होने पर प्रतिदिन के हिसाब से शुल्क लेने के बजाय एकमुश्त 1,500 रुपये देने होंगे। इस रियायती शुल्क का लाभ तभी मिलेगा, जब फिटनेस प्रमाणपत्र का नवीनीकरण 31 दिसंबर 2026 तक करा लिया जाएगा।
यह योजना बंगाल में पंजीकृत सभी परिवहन और गैर-परिवहन वाहनों पर लागू होगी। हालांकि, इसका लाभ उठाने के लिए वाहन मालिकों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी लागू कर और शुल्क जमा करने होंगे। जहां फिटनेस प्रमाणपत्र का नवीनीकरण जरूरी है, वहां निर्धारित अवधि में यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।