पश्चिम बंगाल SIR: अपील के मामलों की पहली पूरक सूची जारी
बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अपील मामलों की पहली पूरक सूची जारी की है।

एसआईआर अपील मामलों की पहली पूरक सूची जारी
HighLights
एसआईआर अपील मामलों की पहली पूरक सूची जारी।
न्यायाधिकरणों ने 657 मामलों का निपटारा किया।
139 नाम अंतिम मतदाता सूची में जोड़े गए।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय की ओर से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के अपील के मामलों की पहली पूरक सूची जारी कर दी गई। यह सूची उन मामलों से जुड़ी हैं, जिनका निपटारा न्यायाधिकरणों के माध्यम से किया गया है।
सीईओ कार्यालय के अनुसार पहले चरण में न्यायाधिकरणों ने 657 मामलों का निपटारा किया है। इनमें 139 के नाम अंतिम मतदाता सूची में चढ़े हैं। ये तथ्य बूथों के आधार पर बीएलओ, चुनाव अधिकारियों व समस्त राजनीतिक दलों को सौंप दिए गए हैं।
यह कदम उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का अनुपालन करते हुए उठाया गया है ताकि चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी व व्यवस्थित बनाया जा सके। इसमें उन सभी मामलों को शामिल किया गया है, जिनकी समीक्षा और सुनवाई पूरी हो चुकी है। साथ ही इसमें उन नामों का भी उल्लेख है, जिन्हें सूची में जोड़ा गया है और जिनके नाम हटाए गए हैं।
आयोग का कहना है कि इस प्रक्रिया का उद्देश्य रिकार्ड को अद्यतन रखना और किसी भी प्रकार की त्रुटि या विवाद की स्थिति को कम करना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह सूची आम जनता के लिए भी उपलब्ध कराई गई है ताकि संबंधित लोग अपने नामों की स्थिति की जांच कर सकें।
पहली पूरक सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है, जहां से इसे आसानी से देखा और डाउनलोड किया जा सकता है।
