विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में लागू होगी राष्ट्रीय शिक्षा नीति, हर ब्लॉक में खुलेगा 'पीएम श्री' स्कूल

Published: Mon, 18 May 2026 10:50 PM (IST)Updated: Tue, 19 May 2026 12:29 AM (IST)

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बंगाल में राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने की घोषणा की, जिसके तहत हर ब्लॉक में 'पीएम श्री' स्कूल खुलेंगे।

बंगाल में लागू होगी राष्ट्रीय शिक्षा नीति। (पीटीआई)

बंगाल में लागू होगी राष्ट्रीय शिक्षा नीति। (पीटीआई)

HighLights

  1. राष्ट्रीय शिक्षा नीति अब बंगाल में होगी लागू।

  2. राज्य के हर ब्लॉक में खुलेगा 'पीएम श्री' स्कूल।

  3. शिक्षा व्यवस्था राजनीति के चंगुल से होगी मुक्त।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के साथ ही शिक्षा व्यवस्था को सुधारने व आधुनिक बनाने की कवायद तेज हो गई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को राज्य में राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने की घोषणा करते हुए सरकारी व निजी, दोनों क्षेत्रों के शिक्षा संस्थानों को कड़ा संदेश दिया।

कोलकाता के धनधान्य ऑडिटोरियम में माध्यमिक, उच्च माध्यमिक, मदरसा बोर्ड, सीबीएसई व आइसीएसई के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने साफ किया कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था राजनीति के चंगुल से मुक्त होगी। हर ब्लॉक में कम से कम एक 'पीएम श्री'स्कूल खोला जाएगा।

सरकार का लक्ष्य केवल कोलकाता तक सीमित न रहकर दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में भी स्मार्ट क्लासरूम व आधुनिक पाठ्यक्रम के जरिए पढ़ाई का स्तर सुधारना है ताकि तृणमूल शासन के दौरान हुए शिक्षक भर्ती घोटाले व बदहाली से जूझ रही सरकारी शिक्षा व्यवस्था को पुनर्जीवित किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने निजी शिक्षण संस्थानों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि अनैतिक रूप से फीस बढ़ाना या पैसों के बदले सर्टिफिकेट बांटना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि अब स्कूल-कालेजों की गवर्निंग बॉडी (संचालन समिति) में कोई भी राजनीतिक प्रतिनिधि या विधायक शामिल नहीं होगा।

शुरू हुई विवेकानंद मेरिट स्कॉलरशिप

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विवेकानंद मेरिट स्कॉलरशिप शुरू करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि धर्म के आधार पर नहीं बल्कि मेधा व आर्थिक जरुरतों के आधार पर छात्र-छात्राओं को इस योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने छात्र समुदाय को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके साथ है।

दूसरी तरफ शिक्षा के नए रोडमैप को जमीन पर उतारने के लिए भाजपा विधायकों स्वपन दासगुप्ता व शंकर घोष ने विकास भवन में शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की।

घोष ने कहा कि नई सरकार छात्रों, शिक्षकों और शिक्षा जगत से जुड़े सभी पक्षों के सहयोग और सुझावों के आधार पर नीतियों का निर्धारण करेगी ताकि बंगाल की खोई हुई शैक्षणिक गरिमा वापस लाई जा सके।