बंगाल के हर जिले में खुलेंगे दो-दो 'सीएम श्री' स्कूल, शिक्षक दिवस पर सीएम शुभेंदु की बड़ी घोषणा
पश्चिम बंगाल सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए हर जिले में दो-दो 'सीएम श्री' स्कूल खोलने की घोषणा की है।

बंगाल में हर जिले में खुलेंगे दो 'सीएम श्री' मॉडल स्कूल (फाइल फोटो)
HighLights
प्रत्येक जिले में दो 'सीएम श्री' स्कूल स्थापित होंगे।
ये स्कूल पीएम श्री विद्यालयों की तर्ज पर विकसित होंगे।
आधुनिक डिजिटल लैब और स्मार्ट बोर्ड जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और नए सिरे से बेहतर बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने नई पहल की घोषणा की है।
राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को घोषणा की कि राज्य के प्रत्येक जिले में फिलहाल दो-दो ‘सीएम श्री’ स्कूल स्थापित जाएंगे। इन्हें पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय और जवाहर नवोदय विद्यालय की तर्ज पर विकसित करने की योजना है।
कोलकाता के न्यूटाउन स्थित विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में आयोजित विद्यासागर शिक्षक सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन संस्थानों में छठी कक्षा से परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों का दाखिला किया जाएगा। इन विद्यालयों को आगे चलकर माडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे संस्थान
शुभेंदु ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री श्री’ संस्थानों में बेहतर गुणवत्ता वाले शिक्षकों के साथ आधुनिक डिजिटल लैब और स्मार्ट बोर्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रत्येक जिले में दो ऐसे संस्थान बनाने की योजना है और आने वाले दिनों में राज्य की शिक्षा व्यवस्था के विकास के लिए और कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शिक्षक भर्ती में कथित भ्रष्टाचार और शिक्षा के बुनियादी ढांचे को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य की शिक्षा व्यवस्था को फिर से मजबूत करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में स्वामी विवेकानंद मेरिट छात्रवृत्ति को भी जारी रखने का संदेश उन्होंने दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।