विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'एआई हब बनेगा बंगाल, जल्द आएगी नई नीति'; बोले शमिक भट्टाचार्य

Published: Sun, 29 Nov 2026 09:02 PM (GMT+05:30)

पश्चिम बंगाल सरकार राज्य को एआई के क्षेत्र में प्रमुख केंद्र बनाने के लिए जल्द ही नई नीति लाने की तैयारी कर रही है।

बंगाल सरकार एआई क्षेत्र में नई नीति लाएगी। (शमिक भट्टाचार्य, फाइल फोटो)

बंगाल सरकार एआई क्षेत्र में नई नीति लाएगी। (शमिक भट्टाचार्य, फाइल फोटो)

HighLights

  1. बंगाल सरकार एआई क्षेत्र में नई नीति लाएगी।

  2. राज्य को देश का प्रमुख एआई केंद्र बनाना लक्ष्य।

  3. नीति निर्माण में विशेषज्ञों और उद्यमियों से सुझाव आमंत्रित।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल को एआई के क्षेत्र में देश का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में राज्य सरकार जल्द नई नीति लाने की तैयारी कर रही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि सरकार ने एआई नीति पर काम शुरू कर दिया है। इसके लिए सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र के विशेषज्ञों, उद्यमियों और अन्य हितधारकों से सुझाव मांगे जा रहे हैं।

नई सरकार चाहती है कि बंगाल एआई के क्षेत्र में देश में अग्रणी भूमिका निभाए। शनिवार को कोलकाता में आयोजित इन्फोकाम 2026 के समापन सत्र को संबोधित करते हुए शमिक ने कहा कि राज्य की प्रस्तावित एआइ नीति को तैयार करने में संबंधित क्षेत्र के लोगों की भागीदारी महत्वपूर्ण होगी।

उन्होंने आइटी विशेषज्ञों और उद्यमियों से अपील की कि वे केवल निवेश करने तक सीमित न रहें, बल्कि नीति निर्माण में भी अपनी भूमिका निभाएं। अपने अनुभव, विचार और समस्याएं सरकार के सामने रखें ताकि एक प्रभावी नीति तैयार की जा सके। नई निवेश प्रोत्साहन (औद्योगिक नीति) के बाद अब एआइ नीति भी जल्द आने वाली है।

उन्होंने आधारभूत संरचना के विकास में एआइ के सुरक्षित उपयोग और भविष्य की उन्नत एआइ यानी आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस (एजीआइ) पर काम करने की जरूरत पर भी जोर दिया। सिलीगुड़ी, कल्याणी और दुर्गापुर जैसे दूसरे स्तर के शहरों में भी सूचना प्रौद्योगिकी और डाटा सेंटर के विकास की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।

सिलीगुड़ी में जल्द डाटा सेंटर स्थापित करने की योजना का भी उन्होंने उल्लेख किया। उनके अनुसार, करीब 6500 कंपनियां, जिन्होंने पहले (वाममोर्चा व तृणमूल सरकार के दौरान) कोलकाता से अपने मुख्यालय दूसरे राज्यों में स्थानांतरित कर दिए थे, अब फिर से बंगाल में निवेश की संभावनाएं तलाश रही हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।