बंगाल: दक्षिण दिनाजपुर जिला परिषद में बगावत, तृणमूल के 12 सदस्यों ने सभाधिपति के खिलाफ लाया अविश्वास प्रस्ताव
दक्षिण दिनाजपुर जिला परिषद में तृणमूल कांग्रेस के 12 सदस्यों ने सभाधिपति चिंतामणि बिहा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है। यह कदम पार्टी के भीतर उभरी बगावत का परिणाम है।

दक्ष्रिण दिनाजपुर जिला परिषद, बालुरघाट।
HighLights
दक्षिण दिनाजपुर में तृणमूल सभाधिपति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव।
पार्टी के 12 सदस्यों ने एकजुट होकर प्रस्ताव पेश किया।
तृणमूल की अंदरूनी बगावत से सत्ता समीकरण बदलने की संभावना।
संवादसूत्र, बालुरघाट। दूसरे जिलों में कहीं तृणमूल के समर्थन से भाजपा बोर्ड गठन कर रही है, तो कहीं तृणमूल के सभाधिपति को हटाकर नए सभाधिपति का चुनाव हो रहा है। लेकिन दक्षिण दिनाजपुर में अब तक ऐसा कोई राजनीतिक समीकरण नहीं बन पाया था।
यहां जिला परिषद की सभी 21 सीटों पर तृणमूल कांग्रेस का कब्जा है और भाजपा का एक भी सदस्य नहीं है। हालांकि, अब तृणमूल के भीतर ही उभरी बगावत जिला परिषद की सत्ता का समीकरण बदल सकती है। जिला परिषद की सभाधिपति चिंतामणि बिहा के खिलाफ तृणमूल के 12 सदस्यों ने एकजुट होकर अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है।
इस संबंध में विभागीय आयुक्त के पास पत्र भी पहुंच गया है। इस घटनाक्रम के पीछे भाजपा और एनसीपीआइ की अप्रत्यक्ष भूमिका होने की अटकलें भी राजनीतिक हलकों में लगाई जा रही हैं। हालांकि, भाजपा के सीधे हस्तक्षेप का कोई प्रमाण सामने नहीं आया है।
दरअसल, जिला परिषद की सभी 21 सीटों पर तृणमूल के सदस्य होने के बावजूद अब तक वहां पार्टी के वरिष्ठ नेता बिप्लब मित्र का प्रभाव रहा है। उनके समर्थन से ही चिंतामणि बिहा को सभाधिपति बनाया गया था।
दूसरी ओर, जिला परिषद सदस्य के रूप में युवा अध्यक्ष अंबरीश सरकार, पूर्व तृणमूल जिलाध्यक्ष मृणाल सरकार और सुभाष भौवाल जैसे महत्वपूर्ण नेता भी निर्वाचित हुए थे। इनमें मृणाल और अंबरीश को बिप्लब मित्र विरोधी गुट का नेता माना जाता है।
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद जब तृणमूल संगठन बिखराव की स्थिति में था और बिप्लब मित्र ने पाला बदलकर ऋतब्रत गुट का दामन थाम लिया था, उस समयभी मृणाल सरकार तृणमूल की ओर से अग्रिम पंक्ति में नेतृत्व करते नजर आए थे। हालांकि, जिला परिषद में सत्ता के दायरे में उन्हें और उनके समर्थकों को अपेक्षित महत्व नहीं मिलने की शिकायत रही है। ऐसे में क्या यही नाराजगी अब अविश्वास प्रस्ताव के रूप में सामने आई है?
राजनीतिक सूत्रों का दावा है कि इस पूरे घटनाक्रम में मृणाल सरकार की सक्रिय भूमिका है। राजनीतिक पर्यवेक्षकों के एक वर्ग का मानना है कि जिला परिषद के सदस्यों पर बिप्लब मित्र का पहले जैसा प्रभाव अब नहीं रह गया है। इसी स्थिति का लाभ उठाकर बिप्लब विरोधी गुट सभाधिपति चिंतामणि बिहा को हटाकर जिला परिषद का नियंत्रण अपने हाथ में लेना चाहता है। इस प्रक्रिया में भाजपा और एनसीपीआई की परोक्ष भूमिका होने की भी चर्चा है।
गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले मृणाल सरकार ने ही भाजपा पर तृणमूल सदस्यों को डराने और पार्टी में तोड़फोड़ की कोशिश करने का आरोप लगाया था। हालांकि, इस पूरे मामले पर मृणाल सरकार ने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
जिला परिषद सदस्य और पूर्व तृणमूल जिलाध्यक्ष सुभाष भौवाल ने कहा कि इस तरह के अविश्वास प्रस्ताव की बात सुनी है। मुझसे भी हस्ताक्षर करने को कहा गया था, लेकिन मैंने हस्ताक्षर नहीं किए। वहीं, जिला परिषद की सभाधिपति चिंतामणि बिहा ने कहा कि उन्हें इस तरह की किसी जानकारी की जानकारी नहीं है। जिलाधिकारी बाला सुब्रह्मण्यम टी ने कहा कि इस तरह की खबर मिली है। मुझे यह भी जानकारी मिली है कि आधिकारिक तौर पर अविश्वास प्रस्ताव जमा किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।