विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की बड़ी कार्रवाई, मां सरस्वती की तस्वीर फाड़ने का आरोपी शिक्षक अनिश्चितकाल के लिए निलंबित

Published: Sat, 28 Nov 2026 03:14 PM (IST)

पश्चिम बंगाल के मालदा स्थित सिद्धेश्वरी स्कूल में मां सरस्वती की तस्वीर फाड़ने के आरोप में एक शिक्षक को माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दिया है।

(यह तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है)

(यह तस्वीर एआई द्वारा जनरेट की गई है)

HighLights

  1. शिक्षक को सरस्वती की तस्वीर फाड़ने के आरोप में निलंबित किया गया।

  2. पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने अनिश्चितकाल के लिए कार्रवाई की।

  3. घटना के बाद विरोध प्रदर्शन हुए, शिक्षक को गिरफ्तार किया गया।

जागरण संवाददाता, मालदा। बंगाल के चांचल स्थित सिद्धेश्वरी स्कूल में मां सरस्वती की तस्वीर फाड़ने के मामले में आरोपित शिक्षक को पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दिया है।

शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे मालदा के चांचल स्थित सिद्धेश्वरी स्कूल को ई-मेल के माध्यम से निलंबन का आदेश प्राप्त हुआ। शनिवार को पत्रकार वार्ता कर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक पार्थ चक्रवर्ती ने इसकी जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि एक छात्र द्वारा बनाई गई देवी सरस्वती की तस्वीर फाड़ने के आरोप में शिक्षक की गिरफ्तारी के बाद बोर्ड ने यह कार्रवाई की है। अगले आदेश तक संबंधित शिक्षक निलंबित रहेंगे।

वहीं, भाजपा ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत किया है। पार्टी का कहना है कि प्रशासन ने कानून के अनुसार कार्रवाई की है। आरोपित शिक्षक तृणमूल कांग्रेस से निकटता रखते हैं। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने जो कदम उठाया है, उससे भाजपा संतुष्ट है।

गौरतलब है कि शुक्रवार को चांचल थाने में एक छात्र के परिवार की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के मुताबिक, सातवीं कक्षा के एक छात्र ने चित्रकला परीक्षा के लिए देवी सरस्वती की तस्वीर बनाई थी और उसे स्कूल लेकर गया था। आरोप है कि स्कूल के शिक्षक आफताबउद्दीन ने छात्र की बनाई तस्वीर फाड़ दी।

घटना के बाद विभिन्न संगठनों की ओर से स्कूल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया गया। इसके बाद चांचल थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में आरोपित शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया।

मालदा उत्तर के भाजपा सांसद खगेन मुर्मू ने कहा कि इस तरह की घटनाओं को सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी। मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसी दिशा में एक के बाद एक कदम उठाए जा रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।