'दिमागी नक्सलियों की जड़ें उखाड़ फेंकेंगे', CM शुभेंदु ने बंगाल में अगले साल छात्रसंघ चुनाव कराने का किया एलान
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अगले साल बंगाल के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव कराने का संकेत दिया है। उन्होंने तृणमूल शासन में चुनाव न होने का आरोप लगाया।

बंगाल में अगले साल होंगे छात्रसंघ चुनाव (फोटो- PTI )
HighLights
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने छात्रसंघ चुनाव कराने का संकेत दिया।
जादवपुर विश्वविद्यालय के वामपंथी छात्रों पर जमकर साधा निशाना।
आरजी कर मामले और विकास रंजन भट्टाचार्य पोस्ट की जांच के निर्देश।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अगले साल राज्य के कालेजों और विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव कराने के संकेत दिए हैं। शुक्रवार को आरजी कर मेडिकल कालेज व अस्पताल में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के राष्ट्रीय चिकित्सक सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में राज्य के शिक्षण संस्थानों में छात्रसंघ चुनाव नहीं कराए गए।
शुभेंदु ने जोर दिया कि छात्रसंघ चुनाव होने चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान राज्य के सभी कालेजों और विश्वविद्यालयों में वंदे मातरम और एबीवीपी की गूंज सुनाई देगी।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान जादवपुर विश्वविद्यालय के अति वामपंथी छात्रों पर भी जोरदार निशाना साधा। शुभेंदु ने वामपंथियों, ‘दिमागी नक्सलियों’ और कथित राष्ट्रविरोधी ताकतों को चुन-चुनकर उनकी जड़ें उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने जादवपुर विश्वविद्यालय में आजादी के नारे लगाए जाने का जिक्र करते हुए उन्हें देशद्रोही बताया और कहा कि अब घर बैठने का समय नहीं है, बल्कि सड़क पर उतरकर उनका विरोध करना होगा।
शुभेंदु ने कहा कि केंद्र सरकार ने जादवपुर विश्वविद्यालय को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए एक हजार करोड़ रुपये की सहायता दी है। उन्होंने एबीवीपी के साथ मिलकर राज्य में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने की भी बात कही।
आरजी कर मामले में जांच के निर्देश
सम्मेलन में आरजी कर मामले की पीड़ित की मां और पानीहाटी की विधायक रत्ना देबनाथ ने सेमिनार हाल के पास स्थित कमरे और शौचालय में घटना के बाद तोड़फोड़ व मरम्मत कराए जाने को लेकर सवाल उठाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि जांच में यह साबित होता है कि तत्कालीन स्वास्थ्य सचिव नारायण स्वरूप निगम ने तोड़फोड़ या साक्ष्य नष्ट करने का आदेश दिया था और वह अब भी पद पर हैं, तो उन्हें हटाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) से मरम्मत कराए जाने के पहलू की भी जांच होगी। उन्होंने आरजी कर पीड़ित को न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
माकपा नेता विकास रंजन को पोस्ट हटाने के लिए 24 घंटे का दिया समय
मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिवक्ता और माकपा के पूर्व राज्यसभा सदस्य विकास रंजन भट्टाचार्य के उस इंटरनेट मीडिया पोस्ट की भी कड़ी आलोचना की, जिसमें उन्होंने अपने घर पर हमले के लिए कथित ‘हिंदुत्ववादी उपद्रवियों’ को जिम्मेदार ठहराया था।
शुभेंदु ने उन्हें पोस्ट हटाने या उसमें संशोधन करने के लिए 24 घंटे का समय दिया और ऐसा नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। शुभेंदु ने कहा कि भट्टाचार्य की टिप्पणी से हिंदु समुदाय का अपमान हुआ है। उन्होंने कहा कि भट्टाचार्य के घर पर हमले के मामले में एक आरोपित गिरफ्तार हुआ है और पुलिस जांच कर रही है।
