बंगाल में CAA के तहत नागरिकता देने की प्रक्रिया तेज, अब अनुमंडल स्तर पर भी होगी सुनवाई
बंगाल सरकार ने सीएए के तहत नागरिकता प्रक्रिया तेज करने के लिए महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। अब जिला मुख्यालयों के साथ अनुमंडल स्तर पर भी सुनवाई होगी और शनिवार व छुट्टियों में भी काम होगा।
-1795619894136_m.webp)
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी (File Photo)
HighLights
अनुमंडल स्तर पर भी सीएए नागरिकता सुनवाई होगी।
शनिवार और सार्वजनिक छुट्टियों में भी सुनवाई की जाएगी।
पात्र आवेदकों को 31 दिसंबर तक नागरिकता देने का लक्ष्य।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के तहत शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता देने की प्रक्रिया तेज करने के लिए राज्य सरकार ने दो बड़े फैसले किए हैं।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की ओर से 31 दिसंबर तक पात्र आवेदकों को नागरिकता देने की समयसीमा तय किए जाने के बाद प्रशासनिक स्तर पर सुनवाई और दस्तावेजों के सत्यापन की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब जिला मुख्यालयों के साथ अनुमंडल स्तर पर भी सुनवाई होगी। इसके अलावा शनिवार और सार्वजनिक छुट्टियों में भी सुनवाई की जाएगी।
अब तक सीएए के तहत नागरिकता के आवेदनों पर सुनवाई केवल जिलाधिकारियों के कार्यालयों में होती थी। प्रक्रिया की धीमी रफ्तार और निर्धारित समयसीमा को देखते हुए सरकार ने अनुमंडल प्रशासन को भी इसमें शामिल करने का निर्णय लिया है। इससे आवेदकों को जिला मुख्यालय तक आने की जरूरत कम होगी और लंबित आवेदनों के निपटारे में तेजी आने की उम्मीद है।
दस्तावेजों के आधार पर दो श्रेणियों में बंटेंगे आवेदक
राज्य सरकार के सूत्रों के अनुसार, सुनवाई की प्रक्रिया पूरी होने तक रविवार को छोड़कर सभी दिन अधिकारी और कर्मचारी इस काम में लगे रहेंगे। शनिवार और सार्वजनिक छुट्टियों में भी कार्यालयों में सुनवाई होगी। सुनवाई के दौरान आवेदकों को दस्तावेजों की उपलब्धता के आधार पर दो श्रेणियों में रखा जाएगा। जिन आवेदकों के दस्तावेज संतोषजनक पाए जाएंगे और नागरिकता के लिए उनकी पात्रता प्रमाणित होगी, उनके आवेदन पहली ही सुनवाई में मंजूर किए जा सकते हैं।
वहीं, जिनके पास शुरुआती सुनवाई के दौरान जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होंगे या जिनके मामलों में अतिरिक्त जांच की जरूरत होगी, उन्हें दूसरी सुनवाई के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद उनके आवेदनों पर निर्णय लिया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले राज्य सरकार ने नागरिकता प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए 12 भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) अधिकारियों को तैनात किया था। इन अधिकारियों को दो महीने के लिए उत्तर 24 परगना और नदिया जिले में जिम्मेदारी दी गई है। इन दोनों जिलों में मतुआ शरणार्थियों की सबसे अधिक आबादी है। अधिकारियों को दस्तावेजों के सत्यापन और जिलाधिकारियों के साथ समन्वय कर लंबित आवेदनों के निपटारे में सहयोग करना है।
मतुआ समुदाय को मतदाता सूची में शामिल करने का भरोसा
मतुआ समुदाय मूल रूप से अविभाजित पूर्वी पाकिस्तान और वर्तमान बांग्लादेश से जुड़ा हुआ हिंदू समुदाय है। धार्मिक उत्पीड़न के कारण इसके सदस्य कई दशकों में बांग्लादेश से पश्चिम बंगाल आए और मुख्य रूप से भारत-बांग्लादेश सीमा से सटे जिलों में बस गए। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पहले मतुआ समुदाय को भरोसा दिया था कि सीएए के तहत पात्र शरणार्थियों को पहले भारतीय नागरिकता दी जाएगी और इसके बाद उनके नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 19 अगस्त को अधिसूचना जारी कर बंगाल समेत आठ सीमावर्ती राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के जिलाधिकारियों को सीएए के तहत नागरिकता प्रमाणपत्र जारी करने का अधिकार दिया था।
इसके बाद जिला प्रशासन ने प्रमाणपत्र जारी करने शुरू किए, लेकिन अपेक्षित गति से प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। इस बीच, बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने 23 नवंबर से शुरू होने वाली मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।