बंगाल में पंचायत क्षेत्रों में संपत्ति कर संग्रह में 168 प्रतिशत की रिकॉर्ड वृद्धि, अक्टूबर में जीएसटी राजस्व भी 17 प्रतिशत बढ़ा
बंगाल में इस वित्त वर्ष के शुरुआती सात महीनों में पंचायत क्षेत्रों में संपत्ति कर वसूली में 168% की रिकॉर्ड ...और पढ़ें

पंचायत क्षेत्रों में संपत्ति कर वसूली में 168% की रिकॉर्ड वृद्धि

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में पंचायत क्षेत्रों में संपत्ति कर वसूली में इस वित्त वर्ष के शुरुआती सात महीनों के दौरान 168 प्रतिशत की रिकार्ड वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं, अक्टूबर माह में राज्य का वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह भी पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 17 प्रतिशत बढ़ा है।
राज्य सचिवालय नवान्न के आंकड़ों के अनुसार, एक अप्रैल से 27 अक्टूबर तक पंचायत क्षेत्रों में करीब 118 करोड़ रुपये संपत्ति कर के रूप में वसूले गए, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह राशि 44.05 करोड़ रुपये थी। यानी इस दौरान करीब 74 करोड़ रुपये अधिक की वसूली हुई है।
आनलाइन व्यवस्था से बढ़े करदाता
राज्य में पंचायत क्षेत्रों में संपत्ति कर वसूली की आनलाइन व्यवस्था शुरू किए जाने को इस वृद्धि की प्रमुख वजह माना जा रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले वर्ष समान अवधि में 11.69 लाख संपत्ति मालिकों ने कर का भुगतान किया था। इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 28.94 लाख हो गई है। यानी कर भुगतान करने वाले संपत्ति मालिकों की संख्या में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
वित्त वर्ष 2025-26 में पंचायत क्षेत्रों से कुल 44.33 लाख करदाताओं के जरिए 139.18 करोड़ रुपये संपत्ति कर वसूला गया था। चालू वित्त वर्ष में अभी पांच महीने बाकी हैं। ऐसे में राज्य सरकार को उम्मीद है कि इस बार पिछले वित्त वर्ष का कुल संग्रह भी पार हो जाएगा।
राज्य की 128 नगरपालिकाओं में भी संपत्ति कर संग्रह बढ़ने की सूचना है। हालांकि, सभी नगर निकायों में अभी पूरी तरह आनलाइन व्यवस्था लागू नहीं होने के कारण इनके आंकड़ों को केंद्रीय स्तर पर एकत्र करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। आने वाले महीनों में नगरपालिकाओं में भी संपत्ति कर वसूली की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन करने की तैयारी है।
त्योहारी कारोबार से जीएसटी संग्रह को मिली रफ्तार
दूसरी ओर, अक्टूबर में राज्य का जीएसटी संग्रह बढ़कर 6,055 करोड़ रुपये हो गया। नवान्न श सूत्रों के मुताबिक, दुर्गापूजा सहित त्योहारी मौसम में खरीदारी और होटल-रेस्तरां कारोबार में आई तेजी ने इसमें अहम भूमिका निभाई है।
दुर्गापूजा के दौरान होटल और रेस्तरां सेवाओं से करीब 60 करोड़ रुपये जीएसटी संग्रह हुआ, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 35 प्रतिशत अधिक है। इसमें भोजन के बिल और ठहरने के शुल्क पर मिलने वाला कर शामिल है। शराब की बिक्री से होने वाली आय इसमें शामिल नहीं है।
वित्त वर्ष 2025-26 में राज्य के होटल और रेस्तरां क्षेत्र का औसत मासिक कारोबार करीब 650 करोड़ रुपये था। लेकिन सितंबर और अक्टूबर में यह बढ़कर लगभग 1,000 करोड़ रुपये प्रति माह पहुंच गया।
यानी पिछले वर्ष के औसत मासिक कारोबार की तुलना में करीब 54 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इन दोनों महीनों में इस क्षेत्र से जीएसटी संग्रह भी 100-100 करोड़ रुपये से अधिक रहा।
नई सरकार आने के बाद कर संग्रह बढ़ाने पर विशेष जोर
राज्य के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, नई सरकार के सत्ता में आने के बाद कर संग्रह बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके अलावा कारोबार के लिए बेहतर माहौल बनने से भी जीएसटी संग्रह में वृद्धि हुई है।गौरतलब है कि स्थानीय निकायों की अपनी आय बढ़ाना उनके वित्तीय सशक्तीकरण के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।