विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल सरकार ने फ्रांस के साथ किया समझौता, जापान के साथ भी फाइनल डील की तैयारी

Published: Sun, 13 Sep 2026 02:00 AM (IST)

बंगाल सरकार विदेशी निवेश आकर्षित करने के लिए सक्रिय है, जिसने फ्रांस के साथ चंदननगर में फ्रांसीसी विरासत को पर्यटन केंद्र बनाने का समझौता किया है।

विदेशी निवेश लाने में जुटी बंगाल सरकार (फोटो-पीटीआई)

विदेशी निवेश लाने में जुटी बंगाल सरकार (फोटो-पीटीआई)

HighLights

  1. बंगाल सरकार ने विदेशी निवेश के लिए फ्रांस से समझौता किया।

  2. चंदननगर में फ्रांसीसी विरासत को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र बनाया जाएगा।

  3. जापान ने नवीकरणीय ऊर्जा और व्यापार में रुचि दिखाई।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की भाजपा सरकार राज्य में विदेशी निवेश लाने की कवायद में जुट गई है। सरकार ने फ्रांस के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है।

इसके तहत राज्य के हुगली जिले के शहर चंदननगर में मौजूद फ्रांसीसी विरासत को संवारकर इसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

कोलकाता-पेरिस के बीच सीधी विमान सेवा

कोलकाता-पेरिस के बीच सीधी विमान सेवा शुरू करने की भी परिकल्पना है। भारत में फ्रांस के राजदूत थियेरी मैथ्यू ने कहा कि फ्रांस से होने वाले निवेश को सीधे कोलकाता लाने पर जोर दिया जाएगा। फिलहाल भारत में फ्रांसीसी निवेश का प्रमुख केंद्र मुंबई है।

यदि फ्रांसीसी निवेश सीधे कोलकाता में होने लगे तो कोलकाता से फ्रांस के शहरों के लिए सीधी सेवा शुरू करने की संभावना भी बन सकती है। दूसरी तरफ जापान से निवेश आकर्षित करने की भी कोशिश चल रही है।

उद्योग मंत्री तापस रॉय ने इस बाबत जापानी प्रतिनिधिदल के साथ अहम बैठक की। इसमें व्यापार, निवेश और कोलकाता-जापान के बीच हवाई संपर्क बढ़ाने पर जोर दिया गया।

जापान के विदेश मामलों के राज्य मंत्री अयानो कुनिमित्सु के नेतृत्व में सात सदस्यीय प्रतिनिधिदल ने उद्योग मंत्री से मुलाकात की।

तापस रॉय ने बैठक के बाद बताया कि जापानी कंपनियों ने नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में दिलचस्पी दिखाई है। राज्य सरकार ने उन्हें अनुकूल कारोबारी वातावरण उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।

उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 2027 में भारत-जापान के द्विपक्षीय संबंधों के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर कोलकाता में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें खाद्य और सांस्कृतिक महोत्सव भी शामिल होंगे।

यह भी पढ़ें- आद्रा मंडल में रोलिंग ब्लॉक के कारण 14 से 20 सितंबर तक 6 ट्रेनें रद, कई शॉर्ट टर्मिनेट; देखें पूरी सूची