विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: छह लाख स्वयं सहायता समूहों के लिए केंद्र से मिले 250 करोड़, खुलेंगी 500 और मां आहार कैंटीन

Published: Mon, 23 Nov 2026 10:34 PM (IST)

पश्चिम बंगाल सरकार को केंद्र से छह लाख स्वयं सहायता समूहों के लिए 250 करोड़ रुपये का ब्याज अनुदान मिला है। मुख्यमंत्री ने 500 नई मां आहार कैंटीन खोलने और बाल विवाह रोकने की अपील की घोषणा की।

बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकरी (File Photo)

बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकरी (File Photo)

HighLights

  1. केंद्र से छह लाख स्वयं सहायता समूहों को 250 करोड़ रुपये मिले।

  2. राज्य में 500 नई मां आहार कैंटीन खोली जाएंगी।

  3. मुख्यमंत्री ने बाल विवाह रोकने की अपील की, जिम्मेदारी पर जोर।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल सरकार ने राज्य के छह लाख स्वयं सहायता समूहों के लिए केंद्र से ब्याज अनुदान के रूप में 250 करोड़ रुपये हासिल किए हैं। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि सरकार ने मई में सत्ता संभालने के बाद यह राशि प्राप्त की है। इसमें से सत्यापन के बाद 2.5 लाख स्वयं सहायता समूहों को 150 करोड़ रुपये हस्तांतरित भी कर दिए गए हैं।

शेष राशि 31 दिसंबर तक सभी छह लाख समूहों को उपलब्ध करा दी जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार स्वयं सहायता समूहों के लिए केंद्र से ब्याज अनुदान की कोई राशि हासिल नहीं कर पाई थी। महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए केंद्र के सहयोग से राज्य में 300 सूक्ष्म परियोजनाएं शुरू की गई हैं। भविष्य में इनकी संख्या और बढ़ाई जाएगी।

राज्य में खुलेंगी 500 और मां आहार कैंटीन

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्यभर में 500 और मां आहार कैंटीन खोली जाएंगी। इन्हें बस अड्डों, अदालतों, प्रशासनिक कार्यालयों, नदी घाटों और बाजारों जैसे व्यस्त सार्वजनिक स्थानों पर शुरू किया जाएगा। इन कैंटीनों के संचालन से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। राज्य में फिलहाल 500 मां आहार कैंटीन संचालित हो रही हैं।

वहां प्रतिदिन पांच रुपये में भोजन उपलब्ध कराया जाता है। इसके लिए राज्य सरकार ने अतिरिक्त 134 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह विभाग के सचिव को वैष्णव समुदाय के लोगों की सुविधा के लिए शाकाहारी कैंटीन शुरू करने का भी निर्देश दिया। इसकी शुरुआत उत्तर 24 परगना के जिला मुख्यालय बारासात से होगी। इसके बाद नवद्वीप, मायापुर सहित अन्य स्थानों पर ऐसी कैंटीन खोली जाएंगी।

बाल विवाह रोकने की अपील

मुख्यमंत्री ने महिलाओं से अपील की कि वे अपनी बेटियों की शादी 18 वर्ष की उम्र पूरी होने से पहले न करें। उन्होंने कहा कि हर समस्या का समाधान केवल कानून से नहीं हो सकता, अभिभावकों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने बंगाल में कम उम्र में मातृत्व की घटनाओं की संख्या अधिक होने पर चिंता जताई। साथ ही कहा कि ऐसे विवाह कराने वाले काजी और पुरोहित भी अपराध में भागीदार हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।