बदलेगा बंगाल के राज्य सचिवालय का रंग, नीले-सफेद की जगह पीले-सफेद रंग की तैयारी
बंगाल के राज्य सचिवालय नवान्न का रंग नीले-सफेद से बदलकर हल्के-गहरे पीले और सफेद/क्रीम रंग में रंगा जाएगा, जिसमें गेरुआ की झलक भी संभव है।

नीले-सफेद की जगह पीले-सफेद रंग की तैयारी।
HighLights
नवान्न सचिवालय का रंग नीले-सफेद से बदलकर पीला-सफेद होगा।
नए रंग संयोजन में गेरुआ रंग की झलक भी दिख सकती है।
नवीनीकरण पर लगभग 1.86 करोड़ रुपये का अनुमानित खर्च आएगा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद अब राज्य सचिवालय नवान्न का भी रंग बदलने की तैयारी है। अब तक नीले-सफेद रंग में नजर आने वाले नवान्न भवन को हल्के और गहरे पीले के साथ सफेद या क्रीम रंग के मिश्रण से सजाया जाएगा। इसमें गेरुआ रंग की झलक भी देखने को मिल सकती है।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, सरकार के उच्च स्तर पर इस रंग संयोजन को अंतिम रूप दिया गया है। हालांकि, इस संबंध में सरकार की ओर से अब तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।
राज्य के मुख्य प्रशासनिक भवन नवान्न के विशेष मरम्मत और नवीनीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग ने टेंडर जारी किया था। इसमें नवान्न, उपान्न और आसपास की अन्य संरचनाओं की मरम्मत तथा रंगाई का काम शामिल है। टेंडर का अनुमानित मूल्य करीब 1.86 करोड़ रुपये है। सात नवंबर को वित्तीय निविदाएं खोली गई थीं। इसके तहत भवन के बाहरी हिस्से के साथ जरूरत के मुताबिक अंदरूनी हिस्सों की भी मरम्मत होगी।
राइटर्स बिल्डिंग लौटने में लगेगा अभी वक्त
सत्ता परिवर्तन के बाद राज्य में सरकारी भवनों, सड़कों के किनारे की संरचनाओं और फ्लाईओवरों पर नीले-सफेद रंग की जगह पीले और गेरुआ रंग का इस्तेमाल शुरू हुआ था। नवान्न के नामपट्ट और उससे लगे सभागार का रंग भी बदला जा चुका है। अब मुख्य भवन को भी नए रंग में ढालने की तैयारी है। इस बीच, सरकार के राइटर्स बिल्डिंग लौटने की घोषणा पर भी फिलहाल अमल होता नहीं दिख रहा है।
हेरिटेज भवन राइटर्स बिल्डिंग का पूर्ण नवीनीकरण और उसे सरकार के कामकाज के अनुकूल बनाना बड़ी चुनौती है। मुख्यमंत्री सहित कुछ मंत्रियों के कक्ष वहां तैयार किए गए हैं, लेकिन मंत्रिमंडल की बैठक और बड़े प्रशासनिक कार्यक्रमों के लिए जरूरी सुविधाएं अभी उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में फिलहाल नवान्न ही सरकार का मुख्य प्रशासनिक केंद्र बना रहेगा।