अब AI के जरिए स्कूलों में दर्ज होगी विद्यार्थियों की अटेंडेंस, जनवरी से राज्यव्यापी विस्तार की तैयारी
पश्चिम बंगाल के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित मोबाइल ऐप से विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज होगी।

एआई आधारित मोबाइल एप से दर्ज होगी विद्यार्थियों की उपस्थिति
HighLights
एआई आधारित मोबाइल ऐप से दर्ज होगी विद्यार्थियों की उपस्थिति
शिक्षकों का समय बचेगा, पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे पाएंगे
पायलट प्रोजेक्ट सफल होने पर 2027 तक राज्यव्यापी लागू होगा
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज करने का तरीका बदलने की तैयारी है। अब शिक्षकों को नाम या रोल नंबर पुकारकर हाजिरी लेने की जरूरत नहीं होगी।
स्कूल शिक्षा विभाग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) आधारित मोबाइल एप शुरू करने की योजना बना रहा है। इसके माध्यम से कक्षा में बैठे विद्यार्थियों की तस्वीर लेकर उनकी उपस्थिति स्वत: दर्ज की जा सकेगी।
शुरुआती चरण में राज्य के 100 सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में इस व्यवस्था का परीक्षण किया जाएगा। पूजा की छुट्टियों के बाद पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने की योजना है। प्रयोग सफल रहने पर जनवरी 2027 से इसे राज्य के सभी स्कूलों में लागू करने का लक्ष्य रखा गया है।
कक्षा की तस्वीर से होगी विद्यार्थियों की पहचान
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत शिक्षकों के मोबाइल फोन में विशेष एप उपलब्ध कराया जाएगा। शिक्षक कक्षा में पहुंचने के बाद एप के जरिए विद्यार्थियों की तस्वीर लेंगे।
इसके बाद एप में मौजूद एआई और फेस रिकग्निशन तकनीक तस्वीर में दिखाई देने वाले चेहरों की पहचान करेगी। पहले से तैयार डाटाबेस में दर्ज विद्यार्थियों की तस्वीरों से उनका मिलान किया जाएगा।
इस प्रक्रिया के आधार पर उपस्थित विद्यार्थियों की सूची स्वत: तैयार हो जाएगी। इस व्यवस्था को लागू करने से पहले प्रत्येक विद्यार्थी की तस्वीर और जरूरी पहचान संबंधी जानकारी का डाटाबेस तैयार किया जाएगा।
इसके बाद प्रतिदिन कक्षा में ली गई तस्वीर के आधार पर उपस्थिति दर्ज होगी। तकनीकी कारणों से किसी विद्यार्थी की पहचान नहीं हो पाने की स्थिति में उसकी उपस्थिति के सत्यापन की वैकल्पिक व्यवस्था भी जरूरी होगी।
शिक्षकों का समय बचेगा, तैयार होगा डिजिटल रिकार्ड
फिलहाल स्कूलों में शिक्षक उपस्थिति रजिस्टर के माध्यम से विद्यार्थियों की हाजिरी दर्ज करते हैं। अधिक विद्यार्थियों वाले स्कूलों में एक-एक नाम पुकारकर उपस्थिति लेने में काफी समय लगता है। विभाग का मानना है कि नई व्यवस्था से शिक्षकों का यह समय बचेगा और वे पढ़ाई से जुड़ी गतिविधियों पर अधिक ध्यान दे सकेंगे।
इससे विद्यार्थियों की रोजाना उपस्थिति का डिजिटल रिकार्ड भी तैयार होगा। उनकी उपस्थिति का प्रतिशत, नियमित स्कूल आने की प्रवृत्ति और लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों की पहचान करना आसान हो सकेगा।
हालांकि, इस तकनीक के इस्तेमाल के साथ विद्यार्थियों की तस्वीरों और व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा, डाटा के रखरखाव तथा तकनीकी गड़बड़ी की स्थिति में उपस्थिति में सुधार की व्यवस्था भी महत्वपूर्ण होगी।
फिलहाल एप का नाम, चयनित 100 स्कूलों की सूची और इसके इस्तेमाल से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश सार्वजनिक नहीं हुए हैं। विभाग की योजना पायलट प्रोजेक्ट के नतीजों के आधार पर जनवरी 2027 से इसे राज्यव्यापी स्तर पर लागू करने की है।