बंगाल के स्कूलों में अब विद्यार्थियों की भी बायोमीट्रिक हाजिरी, दो जनवरी से लागू होगी व्यवस्था
बंगाल के सरकारी स्कूलों में अब शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की बायोमीट्रिक हाजिरी लगेगी। यह नई व्यवस्था फेस रिकग्निशन सिस्टम के जरिए 2 जनवरी से लागू होगी, जिसका पायलट प्रोजेक्ट दिसंबर में शुरू होगा।

HighLights
बंगाल स्कूलों में बायोमीट्रिक हाजिरी व्यवस्था लागू की जाएगी
शिक्षक-छात्रों की उपस्थिति फेस रिकग्निशन से दर्ज होगी
नई व्यवस्था 2 जनवरी से शुरू, पायलट दिसंबर में
राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। बंगाल के सरकारी स्कूलों में अब शिक्षकों के साथ छात्र-छात्राओं की भी बायोमीट्रिक हाजिरी लगेगी। राज्य सरकार नए साल में स्कूली शिक्षा व्यवस्था में यह बदलाव करने जा रही है। दो जनवरी से नई व्यवस्था लागू होगी, जबकि दिसंबर से ही इसका पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने की तैयारी है। इसके तहत फेस रिकग्निशन सिस्टम के जरिए शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज की जाएगी।
अब तक स्कूलों में विद्यार्थियों की हाजिरी रजिस्टर में दर्ज की जाती थी। रोल काल में काफी समय खर्च होने के कारण पढ़ाई का समय भी प्रभावित होता था। नई व्यवस्था से इस प्रक्रिया को तेज और व्यवस्थित बनाने की कोशिश की जा रही है। राज्य के करीब 1.60 करोड़ विद्यार्थियों और चार लाख शिक्षकों को इस व्यवस्था के दायरे में लाने की योजना है।
शिक्षा मंत्री दीपक बर्मन के अनुसार, नई व्यवस्था दो जनवरी से शुरू होगी और उससे पहले दिसंबर में पायलट प्रोजेक्ट के जरिए इसकी कार्यप्रणाली परखी जाएगी। इसके तहत स्कूल पहुंचने पर फेस रिकग्निशन तकनीक से उपस्थिति दर्ज होगी। सरकार का उद्देश्य हाजिरी की पारंपरिक प्रक्रिया में बदलाव लाकर स्कूलों में उपस्थिति का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करना है।
हालांकि, इतने बड़े स्तर पर व्यवस्था लागू करने के लिए तकनीकी ढांचे, उपकरणों की उपलब्धता और दूरदराज के स्कूलों में इंटरनेट कनेक्टिविटी जैसी चुनौतियां भी अहम होंगी। नई व्यवस्था कितनी प्रभावी साबित होती है, यह पायलट प्रोजेक्ट के नतीजों और इसके क्रियान्वयन पर निर्भर करेगा।