बंगाल: अभिषेक के पूर्व निजी सहायक से पूछताछ के बाद विधायक के पार्टी कार्यालय में मिले एक करोड़ रुपये
दक्षिण 24 परगना में पुलिस ने तृणमूल विधायक शमीम अहमद के पार्टी कार्यालय से 1.02 करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं।

अभिषेक बनर्जी और उनके पूर्व निजी सहायक।
HighLights
तृणमूल विधायक शमीम अहमद के कार्यालय से नकदी बरामद।
पुलिस ने 1 करोड़ 2 लाख 79 हजार रुपये जब्त किए।
अभिषेक बनर्जी के पूर्व PA की पूछताछ से मिली जानकारी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। दक्षिण 24 परगना जिले में पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के एक पार्टी कार्यालय से एक करोड़ दो लाख 79 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बुधवार को डायमंड हार्बर पुलिस जिले की टीम ने सरिशा इलाके में स्थित इस कार्यालय में छापेमारी की। यह कार्यालय मगराहाट पश्चिम के तृणमूल विधायक शमीम अहमद का बताया जा रहा है।
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के पूर्व निजी सहायक सुमित राय से पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की गई। बुधवार को बरामदगी के बाद डायमंड हार्बर पुलिस जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक मजूमदार ने पत्रकार वार्ता कर इसकी जानकारी दी। पुलिस अब इतनी बड़ी रकम के स्रोत और कार्यालय में इसे रखने के उद्देश्य की पड़ताल कर रही है।
रकम के स्रोत और दूसरे लोगों की भूमिका की जांच
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी नकदी कहां से आई, इसे कार्यालय में किसने रखा और इस मामले में अन्य कौन लोग शामिल हैं। सुमित राय से पूछताछ के आधार पर मिले सुरागों की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल बरामद रकम को किसी अवैध वित्तीय लेनदेन या भ्रष्टाचार से जोड़कर पुलिस ने कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है।