बंगाल: होटल के सामने सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर पुलिस कांस्टेबल ने की आत्महत्या, सिर में मारी चार गोलियां
पश्चिम बंगाल के आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट में तैनात कांस्टेबल संजय जाना ने पानागढ़ बाईपास के पास अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
-1793780360432_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, दुर्गापुर। बंगाल के आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कांकसा ट्रैफिक गार्ड में तैनात एक पुलिस कांस्टेबल ने मंगलवार देर रात पानागढ़ बाइपास के पास अपनी सर्विस रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 40 वर्षीय संजय जाना के रूप में हुई है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मंगलवार रात संजय जाना राष्ट्रीय राजमार्ग-19 नंबर के पास पानागढ़ बाइपास स्थित स्वाई मोड़ पर एक होटल के सामने पुलिस मोबाइल वैन से गश्त कर रहे थे। रात 12:26 बजे वैन होटल के सामने रुकी।
चालक और अन्य पुलिसकर्मी होटल के अंदर चले गए, लेकिन संजय बाहर ही रह गए। कुछ देर बाद उन्होंने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद के सिर में चार गोलियां चला लीं। गंभीर रूप से घायल संजय को तत्काल दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
संजय जाना मूल रूप से मेदिनीपुर के रहने वाले थे। उनकी पत्नी भी पुलिसकर्मी हैं और वर्तमान में आसनसोल में कार्यरत हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया और सुरक्षा के लिए सिविक पुलिस की तैनाती की। स्थानीय होटल मालिक कंचन पाल ने बताया कि घटना के समय पुलिस अधिकारी, चालक और सिविक पुलिसकर्मी वहां मौजूद थे।
रात करीब साढ़े बारह बजे कर्मचारियों से उन्हें घटना की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि उस समय इलाके के सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत का काम चल रहा था। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटना के पीछे की वजह जानने के लिए मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।