'मंत्री बनने से हर बात कहने और हर विषय का ज्ञान होने का अधिकार नहीं मिल जाता', बोले शंकर घोष
बंगाल के पर्यटन मंत्री शंकर घोष ने सोशल मीडिया पर मंत्रियों के बयानों और जिम्मेदारियों पर पोस्ट साझा की, जिसमें ...और पढ़ें

मंत्री बनने से हर बात कहने और हर विषय का ज्ञान होने का अधिकार नहीं मिल जाता।
HighLights
शंकर घोष ने मंत्रियों की जिम्मेदारी पर पोस्ट साझा की।
मंत्री बनने से हर बात कहने का अधिकार नहीं मिलता।
दिलीप घोष ने शंकर घोष के बयान का समर्थन किया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल की भाजपा सरकार में मंत्रियों के बयानों और उनकी जिम्मेदारियों को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। राज्य के पर्यटन व संसदीय कार्य मंत्री डॉ. शंकर घोष ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर लिखा कि केवल मंत्री बन जाने से किसी व्यक्ति को हर बात कहने का अधिकार नहीं मिल जाता और न ही उसे हर विषय का ज्ञान हो जाता है।
उनकी इस पोस्ट के बाद राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं हैं। हालांकि, बाद में शंकर घोष ने स्पष्ट किया है कि उनकी पोस्ट किसी मंत्री विशेष को निशाना बनाकर नहीं की गई है। वहीं, राज्य के पंचायत व ग्रामीण विकास मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता दिलीप घोष ने भी उनकी बात का समर्थन किया है।
दिलीप घोष बोले- मंत्री की जिम्मेदारी ज्यादा
रविवार को खड़गपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिलीप घोष से शंकर घोष की पोस्ट को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि समाज में प्रत्येक नागरिक की अपनी जिम्मेदारी होती है, लेकिन मंत्री की जिम्मेदारी कहीं अधिक होती है, क्योंकि लोग उसे देखते और उसके आचरण से सीखते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि मंत्री ही नियमों का पालन नहीं करेंगे तो सवाल उठना स्वाभाविक है। केवल मंत्री ही नहीं, प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मर्यादा में रहना चाहिए। ऐसा कोई बयान नहीं देना चाहिए जिससे दूसरों को ठेस पहुंचे या संवैधानिक परंपराओं का उल्लंघन हो। दिलीप घोष ने कहा कि मंत्री को सबसे पहले स्वयं संविधान के दायरे में रहकर आचरण करना चाहिए।
शंकर घोष बोले- यह आत्मविश्लेषण का हिस्सा
दरअसल, मंत्री व सिलीगुड़ी से विधायक शंकर घोष ने शनिवार रात अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट साझा की थी। इसमें बड़े अक्षरों में लिखा था, 'मंत्री बनने से हर बात कहने का अधिकार नहीं मिल जाता और न ही ज्ञान हो जाता है।' इसके बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच इस बात को लेकर चर्चा होने लगी कि आखिर उनका निशाना कौन है।
हालांकि, शंकर घोष ने रविवार को इस पर सफाई देते हुए कहा कि यह उनका व्यक्तिगत विचार है। उन्होंने बताया कि उन्होंने विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर यह पोस्ट की थी। उनके मुताबिक, समाज में अक्सर यह धारणा बन जाती है कि मंत्री बनने के बाद व्यक्ति हर विषय का जानकार हो जाता है। उन्होंने कहा कि मंत्री को भी आम लोगों की तरह लगातार सीखते रहना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि मंत्री होने का अर्थ यह नहीं है कि व्यक्ति कुछ भी बोलने के लिए स्वतंत्र हो जाए। संविधान की एक सीमा और परिधि है तथा उसी के भीतर रहकर बात करनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पोस्ट किसी व्यक्ति विशेष पर टिप्पणी नहीं, बल्कि उनका आत्मविश्लेषण है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।