West Bengal: पूजा की छुट्टी खत्म होने से पहले ही सचिवालय कर्मियों को आनलाइन काम करने का निर्देश
बंगाल सरकार ने दुर्गा पूजा के लिए 11 अक्टूबर तक राज्य सचिवालय समेत अन्य सरकारी विभागों में कर्मचारियों की छुट्टियां दी है। आठ अक्टूबर से ही खासकर सचिवालय से जुड़े अधिकारियों को घर से आनलाइन काम करने का निर्देश दिया गया है।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल सरकार ने दुर्गा पूजा के लिए 11 अक्टूबर तक राज्य सचिवालय समेत अन्य सरकारी विभागों में कर्मचारियों की छुट्टियां दी है। इसके पहले ही राज्य सचिवालय की ओर से आगामी शनिवार यानी आठ अक्टूबर से ही खासकर सचिवालय से जुड़े अधिकारियों को घर से आनलाइन काम करने का निर्देश दिया गया है। 11 अक्टूबर के बाद 12 अक्टूबर से पूर्ववत कर्मचारी दफ्तर आएंगे लेकिन उसके पहले आठ अक्टूबर से ही वर्क फ्राम होम के जरिए घर से ही अधिकारियों को प्रशासनिक कार्यों का लेखा-जोखा तैयार करने को कह दिया गया है।
सीएम ममता बनर्जी के निर्देश
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देश पर ऐसा किया गया है। राज्य सचिवालय सूत्रों ने बताया है कि गत दो अक्टूबर से सात अक्टूबर के बीच ऐसे ही बंगाल सरकार के प्रशासनिक कार्यों को बंद रखा गया था। छुट्टी के दौरान राज्य प्रशासनिक सर्वर में एक तकनीकी समस्या को भी दुरुस्त किया गया है। इसीलिए आगामी शनिवार से ही सचिवालय कर्मचारियों को आनलाइन काम करने को कह दिया गया है। इसके लिए हर एक कर्मचारी को एक स्पेशल आइडी मिला हुआ है जिसके जरिए वह अपने कंप्यूटर, लैपटाप या मोबाइल से आनलाइन लागइन कर काम कर सकेंगे