बंगाल में 4.57 लाख दिव्यांग मतदाता, चुनाव की अधिसूचना के पांच दिनों के भीतर घर से मतदान के लिए भरवाया जाएगा फार्म 12डी
पश्चिम बंगाल में निर्वाचन आयोग दिव्यांगों और 85 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों की चुनावी भागीदारी बढ़ाने के लिए घर से मतदान की सुविधा मजबूत कर रहा है। चुनाव अधिसूचना के पांच दिनों के भीतर बीएलओ घर जाकर फॉर्म 12डी भरवाने में मदद करेंगे और मतदान केंद्रों पर भी सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।

सीईओ कार्यालय में राज्य स्तरीय सुलभ निर्वाचन संचालन समिति की बैठक में शामिल अधिकारीगण।
HighLights
85+ बुजुर्गों, दिव्यांगों को घर से मतदान की वैकल्पिक सुविधा
बीएलओ चुनाव अधिसूचना के 5 दिन में भरवाएंगे फॉर्म 12डी
मतदान केंद्रों पर रैंप, ब्रेल मतपत्र जैसी सुविधाएं बढ़ेंगी
राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। बंगाल में दिव्यांगों और वरिष्ठ नागरिकों की चुनावी भागीदारी बढ़ाने के लिए निर्वाचन आयोग ने सुलभ मतदान व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी की है। इसके तहत 85 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों और दिव्यांग मतदाताओं को घर से मतदान की वैकल्पिक सुविधा उपलब्ध कराने के लिए चुनाव की अधिसूचना जारी होने के पांच दिनों के भीतर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उनके घर पहुंचेंगे। वे फार्म 12डी भरवाने और उसे जमा कराने में मदद करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से बुधवार को बताया गया कि बीते 23 नवंबर तक बंगाल में 4,57,353 दिव्यांग मतदाता पंजीकृत हैं, जो कुल मतदाताओं का 0.66 प्रतिशत हैं। वहीं, 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाताओं की संख्या 3,98,382 है। बुधवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय (सीईओ) में हुई राज्य स्तरीय सुलभ निर्वाचन संचालन समिति की उच्चस्तरीय बैठक में इन वर्गों की भागीदारी बढ़ाने के लिए कई फैसले किए गए।
मतदाता सूची में शत-प्रतिशत पंजीकरण पर जोर
समिति ने सभी पात्र दिव्यांगों, ट्रांसजेंडर और तीसरे लिंग के मतदाताओं के साथ विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) को मतदाता सूची में शामिल करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए 'अन्य' श्रेणी में दर्ज मतदाताओं के विवरण की समीक्षा कर उन्हें उनकी वास्तविक श्रेणी के अनुसार वर्गीकृत करने की भी योजना है।
मतदान केंद्रों पर बढ़ेंगी सुविधाएं
बैठक में मतदान केंद्रों पर सुविधाजनक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए भूतल पर मतदान केंद्र, रेलिंग वाले रैंप, ब्रेल मतपत्र और निश्शुल्क लाने-ले जाने की सुविधा की समीक्षा की गई। आगे सुविधा केंद्रों, प्रशिक्षित स्वयंसेवकों और विशेष सहायकों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव है। मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया समझाने के लिए आदर्श ईवीएम भी रखी जाएंगी। इसके अलावा बीएलओ और मतदाताओं को ईसीआइनेट (सक्षम) एप के इस्तेमाल का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके जरिए दिव्यांग मतदाता स्वयं को चिह्नित करने, विशेष पुनरीक्षण के दौरान घर पर सहायता मांगने और चुनाव के समय व्हीलचेयर बुक करने जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। जागरूकता अभियान के लिए सांकेतिक भाषा वाले वीडियो, आडियो-विजुअल सामग्री और जिंगल भी तैयार किए जाएंगे।