विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सरकारी कर्मचारियों के लिए नई ऋण योजना, वेतन से कटेगी किस्त; जानिए EMI का पूरा प्रोसेस

Published: Thu, 26 Nov 2026 08:52 PM (IST)

बंगाल सरकार राज्य कर्मचारियों के लिए नई ऋण योजना ला रही है, जिसमें बैंक और वित्तीय संस्थानों से अल्पकालिक व दीर्घकालिक ऋण मिलेंगे।

सरकारी कर्मचारियों के लिए नई ऋण योजना लाएगी बंगाल सरकार (तस्वीर एआई की मदद से तैयार की गई है)

सरकारी कर्मचारियों के लिए नई ऋण योजना लाएगी बंगाल सरकार (तस्वीर एआई की मदद से तैयार की गई है)

HighLights

  1. राज्य कर्मचारियों के लिए नई ऋण योजना की तैयारी।

  2. वेतन से सीधे ऋण की किस्त कटेगी, सरकार समन्वयक।

  3. बैंकों के साथ योजना को व्यावहारिक बनाने पर चर्चा।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल सरकार राज्य कर्मचारियों की आकस्मिक वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए नई ऋण योजना लाने की तैयारी कर रही है। इसके तहत कर्मचारियों को बैंक और वित्तीय संस्थानों से अल्पकालिक और दीर्घकालिक ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। योजना की रूपरेखा तैयार करने के लिए वित्त विभाग ने बैंकों और वित्तीय संस्थानों के साथ प्रारंभिक बातचीत की है।

प्रस्तावित योजना में राज्य सरकार सीधे ऋण की गारंटी नहीं लेगी, बल्कि बैंक और कर्मचारियों के बीच समन्वयक की भूमिका निभाएगी। सरकार कर्मचारियों के वेतन से हर महीने ऋण की किस्त काटकर संबंधित बैंक या वित्तीय संस्थान तक पहुंचाने की व्यवस्था करेगी। योजना को ‘शून्य लागत और शून्य दायित्व’ के सिद्धांत पर तैयार करने की बात कही गई है।

राज्य सचिवालय नवान्न सूत्रों के अनुसार, वित्त विभाग ने सरकारी कर्मचारियों को आसानी से ऋण उपलब्ध कराने के लिए बैंकों और वित्तीय संस्थानों से रुचि पत्र आमंत्रित किए थे। इसके बाद इच्छुक संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई।

बैठक में बैंकों ने ऋण के लिए गारंटर की व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। वित्त विभाग ने स्पष्ट किया कि सरकारी नियमों के अनुसार राज्य सरकार किसी तरह का वित्तीय दायित्व नहीं लेगी।

बैंकों ने यह भी पूछा कि ऋण लेने वाले किसी कर्मचारी के निलंबित होने या नौकरी में व्यवधान आने की स्थिति में बकाया राशि कैसे वसूली जाएगी। इस पर वित्त विभाग ने बताया कि संबंधित आहरण एवं संवितरण अधिकारी (डीडीओ) बैंक को इसकी जानकारी देंगे। इसके बाद बकाया राशि की वसूली के लिए कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया संबंधित वित्तीय संस्थान को ही पूरी करनी होगी।

बिना ब्याज ऋण पर बैंकों ने उठाए सवाल

वित्त विभाग की प्रारंभिक अधिसूचना में अल्पकालिक ऋण पर ब्याज के स्थान पर केवल एक प्रतिशत प्रसंस्करण शुल्क लेने और अगले महीने ही भुगतान करने का प्रस्ताव रखा गया था।

हालांकि, बैंक प्रतिनिधियों ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों और मौजूदा बैंकिंग नियमों के तहत बिना ब्याज के वाणिज्यिक ऋण देना संभव नहीं है। सरकारी गारंटी नहीं होने की स्थिति में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक किन शर्तों पर ऋण देंगे, इस पर भी चर्चा हुई।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, योजना का उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों को अचानक आर्थिक जरूरत पड़ने पर आसानी से ऋण उपलब्ध कराना है। बैंकों की ओर से उठाए गए तकनीकी और वित्तीय मुद्दों पर विचार किया जा रहा है, ताकि योजना को व्यावहारिक और कर्मचारी हितैषी बनाया जा सके।

सरकारी कर्मचारी संगठनों को उम्मीद है कि अंतिम रूप में ऐसी व्यवस्था तैयार होगी, जिसमें कर्मचारियों को आसानी से और कम ब्याज पर ऋण मिल सकेगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।