DA Hike: दुर्गापूजा से पहले कर्मचारियों को तोहफा, सैलरी-पेंशन के साथ मिलेगा बढ़ा हुआ डीए
पश्चिम बंगाल सरकार ने दुर्गापूजा से पहले राज्य कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को 15 अक्टूबर को अक्टूबर का वेतन, पेंशन और बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता (डीए) देने की घोषणा की है।

दुर्गापूजा से पहले मिलेगा अक्टूबर का वेतन-पेंशन और बढ़ा हुआ DA

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। दुर्गापूजा से पहले राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को अक्टूबर का वेतन और पेंशन मिल जाएगा। वित्त विभाग ने बुधवार को जारी निर्देशिका में बताया कि 15 अक्टूबर को अक्टूबर का वेतन, पेंशन और जहां लागू हो, बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता (डीए) दिया जाएगा। उसी दिन पारिवारिक पेंशन का भी भुगतान होगा।
दुर्गापूजा से पहले मिलेगा वेतन और पेंशन
वित्त विभाग के अनुसार, अक्टूबर के वेतन के साथ अनुदान प्राप्त संस्थानों के कर्मचारियों के वेतन, मजदूरी, पारिश्रमिक, स्टाइपेंड और मानदेय का भी भुगतान 15 अक्टूबर को किया जाएगा।
चार अगस्त के विभागीय निर्देश के अनुसार जहां लागू है, वहां बढ़ा हुआ डीए और महंगाई राहत (डीआर) भी इसके साथ दी जाएगी।
समय पर भुगतान के लिए संबंधित बिल और जरूरी परामर्शपत्र पहले ही कोषागार में जमा कराने को कहा गया है। विभाग ने संबंधित आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) और जमा खाता प्रशासकों को भी आवश्यक तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया है।
20 प्रतिशत डीए भी इसी वेतन में
मई में नई सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य सरकारी कर्मचारियों को 20 प्रतिशत डीए देने की घोषणा की थी। यह बढ़ा हुआ डीए अक्टूबर के वेतन के साथ ही दिया जाएगा।
कर्मचारी आंदोलन के नेता और नेशनलिस्ट पेंशनर्स एसोसिएशन के मुख्य सलाहकार मनोज चक्रवर्ती ने सरकार के फैसले का स्वागत किया।
वहीं, बंगीय शिक्षक एवं शिक्षाकर्मी समिति के महासचिव स्वपन मंडल ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों के साथ शिक्षकों और शिक्षाकर्मियों को भी वेस्ट बंगाल हेल्थ स्कीम के दायरे में लाया जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें- DA Hike News: दीवाली से पहले तोहफा, इस राज्य ने महंगाई भत्ते में किया 8% बढ़ोतरी का एलान; 1 अक्टूबर से लागू
