बंगाल: चक्रवात ‘आकवान’ की बारिश से फसल को नुकसान की आशंका, नवान्न ने सभी जिलों से मांगी रिपोर्ट
चक्रवात 'आकवान' के प्रभाव से हुई बेमौसम बारिश ने पश्चिम बंगाल में किसानों की चिंता बढ़ा दी है, जिससे धान, फूलों और सब्जियों की फसलों को नुकसान की आशंका है।
-1795281670047_m.webp)
चक्रवात ‘आकवान’ की बारिश से नुकसान पर हरकत में नवन्ना (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
चक्रवात आकवान से बेमौसम बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता।
धान, फूल, सब्जियों की फसलों को भारी नुकसान की आशंका।
नवान्न ने सभी जिलों से कृषि क्षति रिपोर्ट मांगी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। चक्रवात ‘आकवान’ के प्रभाव से हुई बेमौसम बारिश ने राज्य के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में तैयार धान की फसल के साथ फूलों और सर्दियों की सब्जियों की खेती को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राज्य सचिवालय नवान्न ने सभी जिलों के जिलाधिकारियों से बारिश के कारण कृषि क्षेत्र में हुए नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। कृषि विभाग को प्रभावित इलाकों का सर्वे कर जल्द आकलन रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।
राज्य सरकार ने किसानों के लिए फसल क्षति की जानकारी देने की व्यवस्था भी की है। किसान 14447 नंबर पर फोन कर अपने खेत और फसल की स्थिति बता सकते हैं। कृषि विभाग के सूत्रों ने बताया कि प्राप्त शिकायतों के आधार पर नुकसान का सत्यापन किया जाएगा।
मौसम की स्थिति अनुकूल होने पर कृषि विभाग के अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर वास्तविक क्षति का आकलन करेंगे। इसमें जिलेवार प्रभावित कृषि भूमि, फसल के प्रकार और किसानों को हुए संभावित आर्थिक नुकसान का ब्योरा जुटाया जाएगा।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पहले ही प्राकृतिक आपदा से फसल को नुकसान होने पर किसानों को आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दे चुके हैं। हालांकि, सहायता की राशि और वितरण की प्रक्रिया नुकसान के आकलन के बाद तय होगी।
धान की कटाई में देरी से आलू की खेती भी हो सकती है प्रभावित
कृषि विभाग के प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अमन धान की कुल खेती का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा ही अब तक काटा जा सका है। शेष लगभग 60 प्रतिशत फसल अभी खेतों में है। ऐसे में लगातार बारिश और खेतों में पानी जमा रहने से तैयार धान के खराब होने का खतरा है।
इसके अलावा, कटाई के लिए मजदूरों और कृषि मशीनों की उपलब्धता में भी परेशानी हो सकती है। धान की कटाई में देरी का असर आलू की खेती की तैयारी पर भी पड़ने की आशंका है। इसके साथ ही सर्दियों की सब्जियों, पान और तिलहन की फसलों को भी अधिक नमी और जलजमाव से नुकसान पहुंच सकता है।
पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर के कई इलाकों में फूलों की खेती से बड़ी संख्या में परिवार जुड़े हैं। पांशकुड़ा और कोलाघाट जैसे क्षेत्रों में फूलों के बागानों में पानी भरने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। दिसंबर से फूलों का मौसम शुरू होने से पहले हुई इस बारिश ने उनकी कमाई पर भी अनिश्चितता पैदा कर दी है। अब जिलों से मिलने वाली रिपोर्ट के आधार पर सरकार आगे की कार्रवाई तय करेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।