'प्रिस्क्रिप्शन के बिना एंटीबायोटिक बिक्री के लिए दुकानों के कर्मचारी जिम्मेदार', बोले स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखोपाध्याय
पश्चिम बंगाल में स्वास्थ्य विभाग बिना प्रिस्क्रिप्शन एंटीबायोटिक बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जागरूकता पर जोर दे रहा है।

बिना प्रिस्क्रिप्शन एंटीबायोटिक बिक्री पर अंकुश लगाने पर जोर (स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शारद्वत मुखोपाध्याय, फाइल फोटो)
HighLights
बिना प्रिस्क्रिप्शन एंटीबायोटिक बिक्री पर अंकुश लगाने पर जोर
एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) जनस्वास्थ्य के लिए बड़ी चुनौती
एक फार्मासिस्ट प्रमाणपत्र पर कई दुकानें चलाने पर कार्रवाई
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में बिना डाक्टर की सलाह और प्रिस्क्रिप्शन के एंटीबायोटिक दवाओं की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग कानून से ज्यादा जागरूकता पर जोर दे रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शारद्वत मुखोपाध्याय ने शनिवार को विश्व फार्मासिस्ट दिवस और राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह के कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने कहा कि दवा दुकानों में फार्मासिस्ट के नाम पर लाइसेंस जारी होता है लेकिन कई बार दुकानों के कर्मचारी बिना प्रिस्क्रिप्शन के एंटीबायोटिक बेच देते हैं। इसका खामियाजा संबंधित फार्मासिस्ट को भुगतना पड़ता है।
बिना प्रिस्क्रिप्शन एंटीबायोटिक बिक्री पर लगेगी रोक
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं की अनावश्यक बिक्री और सेवन से एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) की समस्या बढ़ रही है। इससे शरीर में मौजूद जीवाणु दवाओं के प्रति प्रतिरोधी हो जाते हैं और भविष्य में संबंधित एंटीबायोटिक का असर कम या समाप्त हो सकता है। यह दुनियाभर में जनस्वास्थ्य के सामने बड़ी चुनौती बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि बिना प्रिस्क्रिप्शन एंटीबायोटिक बेचने पर दवा दुकान का लाइसेंस तक रद हो सकता है। हालांकि, फार्मासिस्ट नियमों से परिचित होते हैं और आमतौर पर बिना डाक्टर की सलाह ऐसी दवाएं नहीं देते। समस्या तब पैदा होती है, जब काउंटर पर मौजूद कर्मचारी खुद ही ग्राहकों को एंटीबायोटिक दे देते हैं।
कोई ग्राहक बुखार की शिकायत लेकर आता है और कर्मचारी बिना डाक्टर की सलाह के दवा बेच देता है। ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई होने पर लाइसेंसधारी फार्मासिस्ट को परेशानी उठानी पड़ती है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि लोगों को जागरूक किया जाएगा कि वे डाक्टर से परामर्श लिए बिना कभी एंटीबायोटिक का सेवन न करें।
एक प्रमाणपत्र पर कई दुकानें चलाने वालों पर कार्रवाई
इस दौरान एक ही फार्मासिस्ट के प्रमाणपत्र पर एक से अधिक दवा दुकानें चलाए जाने का मामला भी सामने आया। फार्मेसी काउंसिल आफ इंडिया के सदस्य देवाशीष भट्टाचार्य ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने इस पर निगरानी बढ़ा दी है।
कुछ जगहों पर एक ही फार्मासिस्ट के प्रमाणपत्र के आधार पर दो या उससे अधिक दवा दुकानें संचालित की जा रही हैं, जो नियमों के विरुद्ध है। एक फार्मासिस्ट के प्रमाणपत्र पर केवल एक दुकान का लाइसेंस ही मान्य है।
नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष फार्मेसी काउंसिल आफ इंडिया की ओर से आयोजित विश्व फार्मासिस्ट दिवस और राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह की थीम 'जीवाणुओं की दवा प्रतिरोधक क्षमता के खिलाफ लड़ाई' रखी गई थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।