बंगाल में 13 घंटे बाद कोयला खदान 12 मजदूरों का सफल रेस्क्यू, तकनीकी खराबी के बाद रातभर चला अभियान
पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित कुमारडीही कोलियरी में डोली खराब होने से फंसे 12 मजदूरों को 13 घंटे बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया।

ईसीएल के बंकोला कुमारडीह ए पिट से बाहर आते श्रमिक। (फोटो-जागरण)
HighLights
दुर्गापुर की कुमारडीही कोलियरी में फंसे 12 मजदूर।
डोली की रस्सी फंसने से हुए थे अंदर कैद।
13 घंटे बाद सुरक्षित बाहर निकाले गए सभी।
राज्य ब्यूरो, दुर्गापुर। ईसीएल के बंकोला क्षेत्र स्थित कुमारडीही ए कोलियरी में डोली खराब होने के कारण खदान के अंदर फंसे एक दर्जन मजदूरों को आखिरकार मंगलवार सुबह सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे डोली की रस्सी फंसने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई थी। इसके बाद से मजदूरों को बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
मंगलवार सुबह करीब पौने छह बजे डोली इंजन की मरम्मत के बाद सभी फंसे मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया। इसके साथ ही रातभर चली चिंता और बेचैनी का अंत हुआ।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम पहली पाली के मजदूर काम खत्म कर खदान से ऊपर आ रहे थे, जबकि दूसरी पाली के मजदूर नीचे उतर रहे थे।
इसी दौरान डोली की रस्सी फंस गई और संचालन बाधित हो गया। एक डोली में आठ मजदूर नीचे जा रहे थे, जबकि दूसरी डोली में चार मजदूर ऊपर आ रहे थे। तकनीकी खराबी के कारण दोनों डोलियों में सवार 12 मजदूर बीच में फंस गए।
घटना की जानकारी मिलते ही कोलियरी परिसर में मजदूरों के सहकर्मियों और स्वजनों की भीड़ जुट गई। सभी को अपने स्वजनों और सहकर्मियों की सुरक्षा की चिंता सता रही थी।
इस बीच, पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी मौके पर पहुंचे और रातभर स्थिति पर नजर रखते हुए मजदूरों को सुरक्षित निकालने के लिए समन्वय करते रहे।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार और एसडीएम अंकिता अग्रवाल भी स्थिति का जायजा लेने कोलियरी पहुंचे।
आखिरकार मंगलवार सुबह डोली इंजन की मरम्मत पूरी होने के बाद सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मजदूरों के बाहर आते ही उनके सहकर्मियों और परिजनों ने राहत की सांस ली।
यह भी पढ़ें- कोलकाता में बेटे के प्रेम प्रसंग पर पिता-पुत्र को निर्वस्त्र कर सड़कों पर घुमाया, 3 लोग गिरफ्तार
