Bengal Chunav: तीन चुनावी रैलियों में ममता की भाजपा को चेतावनी, बंगाल जीतने के बाद दिल्ली की ओर कूच करेंगे
Bengal Chunav तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने गुरुवार को पश्चिम मेदिनीपुर जिले में तीन चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए एक बार फिर भाजपा के खिलाफ हुंकार भरीं। ममता ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि परिवर्तन उनका नारा था जिसे विपक्षी पार्टी ने कॉपी कर लिया है।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने गुरुवार को पश्चिम मेदिनीपुर जिले में तीन चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए एक बार फिर भाजपा के खिलाफ हुंकार भरीं। ममता ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि परिवर्तन उनका नारा था जिसे विपक्षी पार्टी ने कॉपी कर लिया है। उन्होंने भाजपा को चेतावनी दी कि बंगाल विधानसभा चुनाव जीतने के बाद वो दिल्ली की तरफ कूच करेंगी।
इसके साथ ही ममता ने कहा कि मैं एक बाघ की तरह हूं और मैं अपना सिर कभी भाजपा के सामने नहीं झुकाऊंगी। मैं केवल जनता के सामने अपना सिर झुकाती हूं। उन्होंने भाजपा पर महिलाओं व पिछड़े वर्ग के लोगों के साथ अत्याचार करने का भी आरोप लगाया। खडग़पुर के पास कलाईकुंडा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, आप ममता बनर्जी की कॉपी क्यों कर रहे हैं?
बंगाल जीतने के बाद हम दिल्ली के लिए कूच करेंगे और भाजपा को उखाड़ फेकेंगे। वहीं, गड़बेता की रैली में ममता ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता चुनाव से ठीक पहले मतदाताओं को लुभाने और वोट हासिल करने के लिए बाहर से नकदी भरा बैग के साथ हेलीकॉप्टर और विमानों से यहां पहुंचते हैं। प्रदेश के सभी होटल भाजपा कार्यकर्ताओं से भरे हुए हैं। इतना ही नहीं भाजपा ने तो 100 विमानों को किराए पर ले रखा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब राज्य में कोई संकट आता है तो वे कहीं नजर नहीं आते हैं। ममता ने दावा किया कि हमारी सरकार ने एम्फन चक्रवात प्रभावितों के लिए हजारों करोड़ रुपये की मदद की। एक या दो अपवाद हो सकते हैं, लेकिन हम लोगों की मदद करने के लिए पहुंचे हैं। तब भाजपा के नेता कहां थे? मानवीय संकट के समय वह हमेशा गायब रहते हैं। ममता ने मतदाताओं को भाजपा के बहकावे में नहीं आने की अपील की।
'एनपीआर को लागू नहीं होने देंगे
ममता ने आगे कहा कि तृणमूल कांग्रेस बंगाल में राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) को लागू नहीं होने देगी। उन्होंने आरोप लगाया, गणना करने वालों की यात्रा के दौरान घर पर नहीं पाए जाने पर भाजपा मतदाताओं के नामों को हटा देगी। वे आपको (लोगों) निकाल देंगे, लेकिन हम उन्हेंं यहां रजिस्टर का अद्यतन करने की अनुमति नहीं देंगे। उन्होंने कहा, किसी भी परिवार के एक भी सदस्य, देश के किसी भी नागरिक को बंगाल से निकाला नहीं जा सकता है। इसके साथ ही भाजपा को दंगाइयों की पार्टी बताते हुए ममता ने कहा कि हम हिंसा नहीं चाहते हैं, हम खून-खराबा नहीं चाहते हैं और हम बंगाल में प्रतिशोध की राजनीति नहीं चाहते हैं। ममता ने कोशियारी में भी रैली को संबोधित किया।