पश्चिम बंगाल: आंगनवाड़ी केंद्रों को मुफ्त बिजली का तोहफा, 19 हजार किराए के केंद्रों के लिए बनेंगे स्थायी भवन
पश्चिम बंगाल सरकार ने आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए मुफ्त बिजली और 19 हजार किराए के केंद्रों को स्थायी भवन देने की घोषणा की है।
-1790589525690_m.webp)
सभी आंगनवाड़ी केंद्रों को मिलेगी मुफ्त बिजली।
HighLights
सभी आंगनवाड़ी केंद्रों को मिलेगी मुफ्त बिजली।
19 हजार किराए के केंद्रों को मिलेंगे स्थायी भवन।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ा, बीमा लाभ।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को राज्य के आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं में बड़े बदलाव व सुधार की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि राज्य के सभी आंगनवाड़ी व आइसीडीएस केंद्रों को अब राज्य सरकार द्वारा पूरी तरह मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके साथ ही किराये के भवनों में चल रहे करीब 19 हजार आंगनवाड़ी केंद्रों को चरणबद्ध तरीके से सरकारी स्थायी भवनों में स्थानांतरित किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार ने आवश्यक धनराशि का प्रविधान किया है।
मुख्यमंत्री उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में प्रति माह अतिरिक्त 5,000 रुपये की वृद्धि अगस्त से ही लागू कर दी गई है।
इसके साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना के दायरे में लाया गया है। इसके तहत उन्हें देशभर के सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में सालाना पांच लाख रुपये तक के निशुल्क उपचार की सुविधा मिलेगी।
शुभेंदु ने बच्चों के विकास और मातृ पोषण पर जोर देते हुए कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के भोजन के लिए मिलने वाली राशि दो रुपये बढ़ाकर आठ रुपये कर दी गई है। वहीं, गर्भवती और प्रसूता महिलाओं के भोजन के लिए मिलने वाली राशि 12 रुपये से बढ़ाकर 14 रुपये की गई है।
किराये के केंद्रों को मिलेंगे अपने भवन
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अभी करीब 19 हजार आंगनवाड़ी केंद्र किराये के भवनों में संचालित हो रहे हैं। सरकार की योजना इन केंद्रों को अपने स्थायी भवन उपलब्ध कराने की है। इसके लिए आवश्यक राशि आवंटित की गई है।
इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बच्चों के शुरुआती विकास में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना की।
उन्होंने कहा कि बच्चों के जीवन में शुरुआती शिक्षा और देखभाल की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता निभाती हैं। उनके मुताबिक, बच्चों को प्रारंभिक संस्कार और देखभाल देकर वे देश के भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
यह भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल: जनहित याचिकाओं की बाढ़ से हाई कोर्ट नाराज, मुख्य न्यायाधीश ने दी 10 लाख रुपये जुर्माने की चेतावनी
