बंगाल के सिनेमाघरों में प्राइम टाइम में प्रतिदिन एक बांग्ला फिल्म दिखाना अनिवार्य, सख्ती से लागू होंगे नियम
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में प्रतिदिन कम से कम एक बांग्ला फिल्म का प्राइम टाइम शो अनिवार्य करने के नियम को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया है।
-1795534283660_m.webp)
बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी (तस्वीर- PTI)
HighLights
सभी सिनेमाघरों में प्रतिदिन एक बांग्ला फिल्म प्राइम टाइम में अनिवार्य।
नियम उल्लंघन पर लाइसेंस रद्द, कानूनी कार्रवाई की चेतावनी।
डेढ़ वर्ष में 51 नए सिनेमाघर बनाने की योजना घोषित।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बांग्ला फिल्मों को राज्य के सिनेमाघरों में पर्याप्त स्क्रीन और प्राइम टाइम शो नहीं मिलने की शिकायतों पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने राज्य के सभी सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में प्रतिदिन कम से कम एक बांग्ला फिल्म का प्राइम टाइम शो अनिवार्य करने वाले मौजूदा नियम को सख्ती से लागू करने को कहा है।
साथ ही उन्होंने फिल्म ‘साधक बामाक्ष्यपा’ को उन सभी सिनेमाघरों में प्राइम टाइम में प्रदर्शित करने का निर्देश दिया है, जहां निर्माता इसे चलाना चाहते हैं। प्राइम टाइम का समय दोपहर तीन से रात नौ बजे तक निर्धारित है। नियमों का उल्लंघन करने वाले सिनेमाघर संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ लाइसेंस रद करने की चेतावनी भी दी गई है।
मंगलवार को राज्य सचिवालय नवान्न सभागार फिल्म जगत से जुड़े कलाकारों, निर्माताओं, वितरकों, निर्देशकों और सिनेमाघर मालिकों के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने यह निर्देश दिया। बैठक के बाद अभिनेता व विधायक रुद्रनील घोष ने मीडिया को इसकी जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य दूसरी भाषाओं की फिल्मों के प्रदर्शन पर रोक लगाना नहीं है, बल्कि बांग्ला फिल्मों को भी सिनेमाघरों में उचित स्थान दिलाना है।
उल्लेखनीय है कि राज्य में पहले से ही प्रत्येक सिनेमाघर और मल्टीप्लेक्स की हर स्क्रीन पर प्रतिदिन प्राइम टाइम में कम से कम एक बांग्ला फिल्म दिखाने का नियम है। यह व्यवस्था ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पिछली तृणमूल सरकार के समय लागू की गई थी।
अगस्त 2025 में बांग्ला फिल्म उद्योग के कई प्रमुख लोगों ने तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर फिल्मों को प्राइम टाइम शो नहीं मिलने की समस्या उठाई थी। इसके बाद राज्य सरकार ने इसे अनिवार्य किया था। अब शुभेंदु अधिकारी ने इस व्यवस्था को सख्ती से लागू कराने का निर्देश दिया है।
सिर्फ ‘साधक बामाक्ष्यपा’ का मामला नहीं
बैठक में हाल में फिल्म ‘साधक बामाक्ष्यपा’ को रिलीज के एक सप्ताह के भीतर कुछ सिनेमाघरों से हटाने, शो कम किए जाने और उसकी जगह 27 नवंबर को रिलीज होने वाली हिंदी फिल्म को जगह देने की तैयारी का मुद्दा भी उठा। हालांकि रुद्रनील घोष ने कहा कि चर्चा केवल एक फिल्म तक सीमित नहीं थी। बांग्ला फिल्मों को कम शो मिलने और प्राइम टाइम में जगह नहीं दिए जाने की समस्या लंबे समय से बनी हुई है।
सरकार ने इसे पूरी फिल्म इंडस्ट्री के भविष्य से जुड़ा विषय मानते हुए सभी संबंधित पक्षों को एक साथ बैठाकर समाधान निकालने की पहल की है।
रुद्रनील घोष के अनुसार, मुख्यमंत्री ने सिनेमाघर मालिकों से फिल्म निर्माताओं और वितरकों के साथ सहयोग करने और फिल्म के प्रदर्शन में आ रही बाधा दूर करने को कहा है। साथ ही फिल्म बनाने वालों को भी सिनेमाघर मालिकों से संपर्क कर आपसी सहमति से प्रदर्शन की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।
डेढ़ वर्ष में 51 नए सिनेमाघर बनाने की योजना
बैठक में मुख्यमंत्री ने अगले डेढ़ वर्ष में राज्यभर में 51 नए सिनेमाघर बनाने की योजना की घोषणा की। इसके अलावा राज्य में 500 सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों के निर्माण को प्रोत्साहित करने की महत्वाकांक्षी योजना भी सामने रखी।
उन्होंने निजी निवेशकों को फिल्म प्रदर्शन के बुनियादी ढांचे में निवेश के लिए आमंत्रित किया। साथ उन पुराने सिनेमाघरों और स्थानों को भी प्रदर्शन के योग्य बनाने की योजना है, जिनका नवीनीकरण संभव है। सिनेमाघरों को आर्थिक सहायता देने के विकल्प पर भी विचार किया जाएगा।
30 नवंबर तक बनेगी समिति, नुकसान की भरपाई पर भी विचार
मुख्यमंत्री ने बांग्ला फिल्म उद्योग की समस्याओं पर विचार करने और उसे मजबूत बनाने के उपाय सुझाने के लिए अनुभवी कलाकारों को शामिल कर 30 नवंबर तक एक समिति गठित करने की भी घोषणा की। दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती और प्रसेनजीत चट्टोपाध्याय समिति के सदस्यों के नाम तय करेंगे। दोनों कलाकार बैठक में वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए थे।
बैठक में रूपा गांगुली, रुद्रनील घोष, हीरन चट्टोपाध्याय और ऋतुपर्णा सेनगुप्ता सहित फिल्म जगत के कई प्रतिनिधि मौजूद थे। निर्देशक सुभ्राजित मित्र ने बैठक के बाद बताया कि यदि किसी फिल्म के प्रदर्शन से हुए नुकसान की पुष्टि होती है, तो सरकार की ओर से सब्सिडी देने या निर्माताओं के साथ नुकसान साझा करने जैसे विकल्पों पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री ने फिल्म उद्योग की आर्थिक समस्याओं के समाधान के लिए भी सहयोग का आश्वासन दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।