विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में खुलेंगे 29 नए महिला थाने, तीन साल से लंबित प्रस्ताव पर सरकार की मुहर

Published: Mon, 02 Nov 2026 08:00 PM (IST)

पश्चिम बंगाल सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा मजबूत करने के लिए 29 नए महिला थाने खोलने के तीन साल पुराने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

बंगाल में महिला सुरक्षा को मिलेगा नया बल

 बंगाल में महिला सुरक्षा को मिलेगा नया बल

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए 29 नए महिला थाने खोले जाएंगे। राज्य पुलिस के तीन साल से लंबित प्रस्ताव को सरकार ने मंजूरी दे दी है। इस साल राज्य के पूर्ण बजट में प्रत्येक महकमे में एक महिला थाना स्थापित करने की घोषणा की गई थी।

इसी के अनुरूप गत 30 अक्टूबर को अधिसूचना जारी की गई। गृह विभाग ने नए महिला थाने खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

सूत्रों के अनुसार, पिछली सरकार के शुरुआती कार्यकाल में ही पुलिस की ओर से राज्य में महिला थानों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव दिया गया था। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत 2012 में आसनसोल के गांधी मोड़ के पास राज्य का पहला महिला थाना खोला गया था, लेकिन उसके बाद इस दिशा में अपेक्षित गति नहीं आ सकी।

फिलहाल राज्य में कुल 40 महिला थाने हैं। नवंबर, 2023 में राज्य पुलिस ने 16 महकमों में 20 नए महिला थाने खोलने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन उसपर अमल नहीं हुआ। अब सत्ता परिवर्तन के बाद महकमा स्तर पर 29 नए थाने स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।

कूचबिहार, मुर्शिदाबाद और पूर्व बर्द्धमान में तीन-तीन महिला थाने खोले जाएंगे। दार्जिलिंग, हुगली, जलपाईगुड़ी, नदिया, पूर्व मेदिनीपुर और पुरुलिया में दो-दो थाने स्थापित होंगे। वहीं, बांकुड़ा, बीरभूम, दक्षिण दिनाजपुर, मालदा, उत्तर 24 परगना, पश्चिम मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना और उत्तर दिनाजपुर जिलों में एक-एक महिला थाना खोला जाएगा। महकमा स्तर पर बांकुड़ा जिले के विष्णुपुर, बीरभूम के रामपुरहाट, कूचबिहार के मेखलीगंज, तूफानगंज और माथाभांगा में नए थाने खुलेंगे। दक्षिण दिनाजपुर के गंगारामपुर, दार्जिलिंग के कर्सियांग और मिरिक, हुगली ग्रामीण पुलिस जिले के चुंचुड़ा और चंदननगर तथा जलपाईगुड़ी के मालबाजार और धुपगुड़ी में भी महिला थाने स्थापित किए जाएंगे।

मालदा जिले के चांचल और मुर्शिदाबाद के डोमकल, कांदी और लालबाग में भी नए थाने खुलेंगे। नदिया जिले में राणाघाट पुलिस जिले के कल्याणी और कृष्णनगर पुलिस जिले के तेहट्ट में महिला थाना खुलेगा। उत्तर 24 परगना के बारासात पुलिस जिले के अंतर्गत बशीरहाट, पश्चिम मेदिनीपुर के घाटाल और पूर्व बर्द्धमान के बर्द्धमान सदर दक्षिण, कालना तथा कटवा में भी थाने खोले जाएंगे।

इसके अलावा पूर्व मेदिनीपुर के एगरा और तमलुक, पुरुलिया के झालदा और मानबाजार, दक्षिण 24 परगना के काकद्वीप तथा उत्तर दिनाजपुर के इस्लामपुर में महिला थाने खोले जाएंगे। नए महिला थानों की स्थापना के साथ पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाने का भी प्रस्ताव है।

प्रत्येक नए थाने में एक इंस्पेक्टर, छह से सात सब-इंस्पेक्टर, आठ असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर और 20 महिला कांस्टेबल की तैनाती की योजना है। मौजूदा महिला थानों में इस समय तीन सब-इंस्पेक्टर, पांच असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर और 10 महिला कांस्टेबल तैनात हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।