विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: फिल्म और टीवी कलाकारों की सुरक्षा पर सरकार का विशेष जोर, प्रोडक्शन कंपनियों की तय होगी जवाबदेही

Published: Sat, 31 Oct 2026 06:32 PM (IST)

पश्चिम बंगाल सरकार ने फिल्म और टीवी कलाकारों की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया है, जिसके तहत जोखिम भरे शूटिंग स्थलों पर सुरक्षा आकलन और आपातकालीन निकासी अनिवार्य होगी।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बांग्ला फिल्म अभिनेता अरुणोदय बनर्जी की गत वर्ष ओडिशा के तालसारी में शूटिंग के दौरान समुद्र में डूबने से मौत की घटना को देखते हुए राज्य सरकार ने कलाकारों व तकनीशियनों की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया है।

सरकार ने दिशानिर्देश जारी कर जोखिमपूर्ण शूटिंग स्थलों पर सुरक्षा आकलन, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन निकासी की अनिवार्य रूप से व्यवस्था करने को कहा है।

यह भी स्पष्ट किया है कि शूटिंग के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी प्रोडक्शन कंपनियों व निर्माताओं की होगी। शूटिंग खत्म होने के बाद कलाकारों और क्रू सदस्यों की सुरक्षित घर वापसी पर भी सरकार ने ध्यान दिया है।

दिशानिर्देशों के अनुसार यदि देर रात शूटिंग खत्म होती है और उस वक्त सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध नहीं है, तो संबंधित निर्माता अथवा प्रोडक्शन मैनेजर को कलाकारों, तकनीशियनों और क्रू सदस्यों के सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था करनी होगी।

अरुणोदय वाली घटना ने खड़े किए थे गंभीर सवाल

मालूम हो कि तृणमूल कांग्रेस की सरकार के समय हुई अरुणोदय की समुद्र में डूबने की घटना ने कलाकारों व तकनीशियनों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए थे।

इसे लेकर बांग्ला फिल्म उद्योग में हड़ताल तक बुलाई गई थी, जिसका सभी कलाकारों व निर्देशकों ने समर्थन किया था। प्रोडक्शन कंपनियों व निर्माताओं के आश्वासन के बाद हड़ताल वापस ली गई थी।

अनुष्का की फिल्म की शूटिंग के दौरान भी हुआ था हादसा

2017 में बालीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा की फिल्म 'परी' की बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में शूटिंग के दौरान भी फिल्म यूनिट के एक लाइटिंग तकनीशियन की बिजली का झटका लगने से मौत हो गई थी।

शूटिंग से घर लौटते वक्त अभिनेत्रियों के साथ छेड़खानी की एक दर्जन से अधिक घटनाएं

पिछले एक दशक में शूटिंग खत्म होने के बाद घर लौटते वक्त अभिनेत्रियों के साथ छेड़खानी की एक दर्जन से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं। 2017 में शूटिंग से लौटते वक्त अभिनेत्री कंचना मैत्रा के साथ नशे में धुत कुछ युवकों ने छेड़छाड़ की थी।

2019 में अभिनेत्री उषोशी सेनगुप्ता को भी ऐसी ही विकट स्थिति का सामना करना पड़ा था। उसी साल टीवी अभिनेत्री स्वस्तिका दत्ता के साथ ऐप कैब में उत्पीड़न की घटना हुई थी।

‘एमएस धोनी : द अनटोल्ड स्टोरी’ व ‘बाब बिश्वास’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके अभिनेता राजेश तिवारी ने बंगाल सरकार की इस पहल का स्वागत किया है, हालांकि यह भी कहा कि इसका सही तरीके से क्रियान्वयन बेहद जरुरी है, तभी सुपरिणाम हासिल होंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।