चार से 14 दिसंबर तक चलेगा बंगाल विधानसभा का शीतकालीन सत्र, सीएम शुभेंदु बोले- सरकार पेश करेगी आठ नए विधेयक
बंगाल विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 से 14 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सरकार आठ नए विधेयक पेश करेगी।
-1795435220146_m.webp)
राज्य सचिवालय में कैबिनेट की बैठक के दौरान सीएम शुभेंदु अधिकारी (तस्वीर- नवान्न)
HighLights
बंगाल विधानसभा का शीतकालीन सत्र 4 से 14 दिसंबर तक।
आठ नए विधेयक पेश होंगे, जिनमें महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल।
राज्य का नाम अंग्रेजी में 'पश्चिम बंग' करने का प्रस्ताव।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल विधानसभा का शीतकालीन सत्र चार से 14 दिसंबर तक चलेगा। इस सत्र में नई भाजपा सरकार आठ विधेयक पेश करेगी। राज्य सचिवालय नवान्न में सोमवार को मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की बैठक के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया गया है। शीतकालीन सत्र में कुल आठ विधेयक पेश किए जाएंगे। इनमें एक महत्वपूर्ण विधेयक दुकानदारों को अपनी इच्छा के अनुसार चौबीसों घंटे दुकानें खुली रखने की अनुमति देने से संबंधित है। इसके पारित होने के बाद दुकानदारों को दुकान खोलने के समय में अधिक स्वतंत्रता मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य का नाम बदलकर अंग्रेजी में भी 'पश्चिम बंग' करने संबंधी प्रस्ताव नौ दिसंबर को विधानसभा में पेश किया जाएगा। विधानसभा से पारित होने के बाद इसे मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा।
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार ने वर्ष 2018 में विधानसभा में राज्य का नाम बदलकर 'बांग्ला' करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया था। हालांकि, केंद्र से इसकी मंजूरी नहीं मिली थी। अब शुभेंदु अधिकारी की सरकार ने 'पश्चिम बंग' नाम का प्रस्ताव लाने का निर्णय किया है।
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि विधानसभा सत्र में संसदीय कार्य विभाग की ओर से भी एक विधेयक लाया जाएगा। इसके तहत विधायकों को सुभाष चंद्र बोस के नाम पर सेवा केंद्र के संचालन को कार्यालयी खर्च के लिए मासिक 30 हजार रुपये देने का प्रावधान होगा।
इसके साथ ही पूर्व विधायकों का चिकित्सा भत्ता 6,000 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये करने के लिए भी विधेयक लाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने विधानसभा के पिछले बजट सत्र में सदन में पूर्व विधायकों का चिकित्सा भत्ता बढ़ाने की घोषणा की थी। सुभाष चंद्र बोस सेवा केंद्र एक जनसेवा पहल है। इसके माध्यम से आम लोग अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर अपने क्षेत्र के विधायकों तक पहुंच सकते हैं, ताकि उनके समाधान की दिशा में पहल की जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।