West Bengal Assembly Election 2021: कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची में गुलाम नबी आजाद, कपिल सिब्बल और आनंद शर्मा नहीं
West Bengal Assembly Election 2021 मनमोहन सिंह और राहुल गांधी के अलावा पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन व नवजोत सिंह सिद्धू का नाम भी है लेकिन कांग्रेस के बागी गुलाम नबी आजाद कपिल सिब्बल और आनंद शर्मा का नाम स्टार प्रचारकों की लिस्ट में नहीं है।
कोलकाता, राज्य ब्यूरो। West Bengal Assembly Election 2021: बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने भी अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में पहला नाम कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी का है, लेकिन कई दिग्गज नेताओं के नाम इस लिस्ट में शामिल नहीं किए गए हैं। गुलाम नबी आजाद, कपिल सिब्बल और आनंद शर्मा के नाम सूची में नहीं हैं। कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची में 30 नेताओं के नाम शामिल हैं। मनमोहन सिंह और राहुल गांधी के अलावा पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन व नवजोत सिंह सिद्धू का नाम भी है, लेकिन कांग्रेस के बागी गुलाम नबी आजाद, कपिल सिब्बल और आनंद शर्मा का नाम स्टार प्रचारकों की लिस्ट में नहीं है।
सवाल यह है कि क्या कांग्रेस में अब गुलाम नबी आजाद, कपिल सिब्बल और आनंद शर्मा के लिए जगह नहीं है?कांग्रेस की ओर से चुनाव आयोग को भेजी गई अपने स्टार प्रचारकों की सूची में पूर्व रेलमंत्री मल्लिकार्जुन खड़गे, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ, बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी, पार्टी के वरिष्ठ नेता बीके हरि प्रसाद, सलमान खुर्शीद, सचिन पायलट, रणदीप सिंह सुरजेवाला, जितिन प्रसाद, आरपीएन सिंह, बंगाल के नेता अब्दुल मन्नान, प्रदीप भट्टाचार्य, दीपा दासमुंशी, एएच खान चौधरी, अभिजीत मुखर्जी, दीपेंद्र हूडा, अखिलेश प्रसाद सिंह, रामेश्वर उरांव आलमगीर आलम, जयवीर शेरगिल, पवन खेरा और बीपी सिंह के भी नाम शामिल हैं।
गौरतलब है कि बंगाल विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने को बेताब भाजपा ने पहले चरण के लिए गत बुधवार को अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी थी। इन स्टार प्रचारकों की सूची में सबसे टॉप पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम है। इसके बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह का नाम है। केंद्रीय मंत्रियों नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान, स्मृति ईरानी, अर्जुन मुंडा समेत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, बिहार के मंत्री शाहनवाज हुसैन व अन्य प्रमुख नेताओं को जगह मिली है। हाल ही में कोलकाता में प्रधानमंत्री की ब्रिगेड ग्राउंड में हुई रैली के दौरान भाजपा में शामिल होने वाले दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती का नाम भी सूची में है, जो पार्टी के लिए प्रचार करेंगे। सूची में शामिल अन्य नेताओं में बांग्ला अभिनेता यश दासगुप्ता व हीरेन चटर्जी समेत हाल में भाजपा में शामिल हुईं बांग्ला अभिनेत्री पायल सरकार एवं अभिनेत्री श्राबंती चटर्जी को भी जगह दी गई है। बंगाल से दो केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो एवं देवश्री चौधरी का भी इसमें नाम हैं।
सूची में बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुकुल राय, राष्ट्रीय महासचिव व बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय, शिवप्रकाश, अरविंद मेनन, आइटी सेल के हेड अमित मालवीय, राज्यसभा सदस्य रूपा गांगुली, सांसद लॉकेट चटर्जी से लेकर हाल में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले कद्दावर नेता सुवेंदु अधिकारी व राजीब बनर्जी के नाम भी शामिल हैं। स्टार प्रचारकों की सूची में प्रदेश भाजपा के सभी प्रमुख नेताओं को जगह दी गई है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री मनसुख भाई मंडाविया, फग्गन सिंह कुलस्ते, सांसद मनोज तिवारी, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और रघुवर दास, मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, जुवेल ओराम का नाम भी शामिल हैं।