बंगाल में आवेदन लटकाने वाले अफसरों पर कार्रवाई की तैयारी, 15 दिन में शोकॉज का जवाब अनिवार्य
पश्चिम बंगाल सरकार ने सरकारी सेवाओं से जुड़े आवेदनों के निपटारे में अनावश्यक देरी करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई का फैसला किया है।

बंगाल में आवेदन लटकाने वाले अफसरों पर कार्रवाई की तैयारी।
HighLights
सरकारी सेवाओं में देरी पर अधिकारियों पर कार्रवाई होगी।
निर्धारित समय में आवेदन निपटान न होने पर नोटिस मिलेगा।
कारण बताओ नोटिस का 15 दिन में जवाब देना अनिवार्य।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सरकारी सेवाओं से जुड़े आवेदनों के निपटारे में अनावश्यक देरी करने वाले अधिकारियों पर अब प्रशासनिक कार्रवाई की तलवार लटक सकती है। आम लोगों को समय पर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने और सरकारी कामकाज में तेजी लाने के लिए राज्य सरकार ने अधिकारियों की जवाबदेही तय करने का फैसला किया है।
इसके तहत निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन का निपटारा नहीं होने और उसके स्वत: स्वीकृत माने जाने की स्थिति में संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करना अनिवार्य होगा। नोटिस मिलने के 15 दिनों के भीतर संबंधित अधिकारी को अपना स्पष्टीकरण (जवाब) देना होगा। विभागीय प्रमुख जवाब की समीक्षा करेंगे और उसके आधार पर लागू सेवा नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
राज्य सचिवालय नवान्न की ओर से इस संबंध में सभी सरकारी विभागों को निर्देश भेजा गया है। मुख्य सचिव मनोज कुमार अग्रवाल ने विभागों को निर्देश दिया है कि सरकारी प्रमाणपत्र, अनुमति, परमिट और लाइसेंस जैसे मामलों में तय समय सीमा का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। अक्सर देखा जाता है कि आवेदन जमा करने के बाद भी संबंधित विभागों में लंबे समय तक फाइल लंबित रहती है। इससे आम लोगों और कारोबारियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रशासनिक नियमों के तहत कुछ सेवाओं में निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन पर फैसला नहीं होने की स्थिति में उसे स्वत: स्वीकृत मान लिया जाता है। इसे ही डिम्ड अप्रूवल कहा जाता है। अब राज्य सरकार ऐसे मामलों को प्रशासनिक लापरवाही के रूप में भी देखना चाहती है।
निर्देश के अनुसार, यदि किसी अधिकारी की देरी के कारण आवेदन स्वत: स्वीकृत माना जाता है तो संबंधित अधिकारी को शोकॉज नोटिस जारी करना होगा। संबंधित विभाग के प्रमुख अधिकारी उनसे जवाब मांगेंगे कि निर्धारित समय में आवेदन का निपटारा क्यों नहीं किया गया।
हर महीने होगी समीक्षा
केवल कारण बताओ नोटिस जारी करने तक मामला सीमित नहीं रहेगा। इसके अलावा सभी विभागों को हर महीने की 10 तारीख तक पिछले महीने की विस्तृत रिपोर्ट जमा करनी होगी। इसमें बताया जाएगा कि कितने आवेदन स्वत: स्वीकृत हुए, कितने अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की गई।
सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से अधिकारियों में जवाबदेही बढ़ेगी और सरकारी सेवाओं के लिए लोगों को दफ्तरों के चक्कर लगाने तथा अनावश्यक इंतजार से राहत मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।