शुभेंदु सरकार का युवाओं को बड़ा तोहफा, सरकारी नौकरियों की परीक्षा फीस पूरी तरह खत्म
पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य की सभी सरकारी नौकरियों की भर्ती परीक्षाओं के लिए आवेदन शुल्क समाप्त कर दिया है।

सीएम शुभेंदु आधिकारी का युवाओं को बड़ा तोहफा। (फाइल फोटो-PTI)
HighLights
राज्य सरकार ने सभी सरकारी नौकरी आवेदन शुल्क समाप्त किए।
यह व्यवस्था 26 नवंबर 2026 से प्रभावी होगी, सभी को लाभ।
डब्ल्यूबीपीएससी, एसएससी सहित सभी भर्ती परीक्षाओं पर लागू होगा।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को राज्य सरकार ने बड़ी राहत दी है। अब राज्य सरकार की सभी सरकारी नौकरियों की भर्ती परीक्षाओं के लिए आवेदन शुल्क नहीं देना होगा। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की घोषणा के बाद राज्य के वित्त विभाग ने इस संबंध में लिखित दिशा-निर्देश जारी कर दिया है।
राज्य के वित्त सचिव प्रभात कुमार मिश्रा के हस्ताक्षर से जारी निर्देश के अनुसार, यह व्यवस्था 26 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गई है। उल्लेखनीय है कि बीते 23 नवंबर को राज्य मंत्रिमंडल (कैबिनेट) पिछली बैठक में सरकारी नौकरी की भर्ती परीक्षाओं से आवेदन शुल्क समाप्त करने का निर्णय लिया गया था। अब वित्त विभाग के लिखित आदेश के बाद यह व्यवस्था लागू हो गई है।
वित्त विभाग के निर्देश के अनुसार, यह छूट पश्चिम बंगाल लोक सेवा आयोग (डब्ल्यूबीपीएससी), कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी), पुलिस भर्ती बोर्ड, स्वास्थ्य भर्ती बोर्ड, कालेज सेवा आयोग, केंद्रीय विद्यालय सेवा आयोग सहित राज्य सरकार की अन्य सभी भर्ती संस्थाओं की परीक्षाओं पर लागू होगी।
यह सुविधा सभी प्रकार के रिक्त पदों के लिए होने वाली भर्ती पर प्रभावी रहेगी। इसमें किसी जाति, समुदाय, लिंग या आर्थिक स्थिति के आधार पर भेदभाव नहीं किया जाएगा। यानी सामान्य वर्ग से लेकर आरक्षित वर्ग तक सभी अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क से छूट मिलेगी।
वित्त विभाग ने सभी विभागीय प्रमुखों को इस फैसले का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। इससे उन युवाओं को विशेष राहत मिलेगी, जो आर्थिक कारणों से कई भर्ती परीक्षाओं में आवेदन करने से बचते थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।