विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल के सरकारी कर्मचारियों को राहत, सातवें वेतन आयोग को सुझाव देने की तारीख 30 नवंबर तक बढ़ी

Published: Sat, 14 Nov 2026 05:58 PM (GMT+05:30)

बंगाल के राज्य सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को सातवें वेतन आयोग में सुझाव देने के लिए 30 नवंबर 2026 तक ...और पढ़ें

बंगाल सातवें वेतन आयोग सुझाव जमा करने की समय सीमा बढ़ी

बंगाल सातवें वेतन आयोग सुझाव जमा करने की समय सीमा बढ़ी

HighLights

  1. सातवें वेतन आयोग की समय सीमा 30 नवंबर 2026 तक बढ़ी।

  2. कर्मचारी और पेंशनभोगी अब ऑनलाइन प्रस्ताव जमा कर सकेंगे।

  3. नए संस्थानों के शामिल होने से समय सीमा में वृद्धि हुई।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल के राज्य सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को सातवें वेतन आयोग के समक्ष अपनी मांगें और सुझाव रखने के लिए करीब एक महीने का अतिरिक्त समय मिल गया है। आयोग ने प्रस्ताव जमा करने की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर से बढ़ाकर 30 नवंबर 2026 कर दी है।

आयोग ने शुक्रवार शाम इस संबंध में नई अधिसूचना जारी की है। अब कर्मचारी वेतन संरचना, भत्ते, पदोन्नति और सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली सुविधाओं से संबंधित अपने प्रस्ताव 30 नवंबर तक जमा कर सकेंगे।

आयोग ने इससे पहले दो सितंबर को जारी अपनी पहली अधिसूचना में सुझाव और प्रस्ताव जमा करने की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर निर्धारित की थी। हालांकि, बाद में कुछ नए संस्थानों और संगठनों के कर्मचारियों तथा सेवानिवृत्त कर्मियों को भी आयोग के दायरे में शामिल करने का निर्णय लिया गया।

इसके लिए वित्त विभाग ने पांच नवंबर को दो अलग-अलग पत्र जारी किए थे। इसके साथ ही विभिन्न कर्मचारी संगठनों की ओर से भी सुझाव और मांगें जमा करने के लिए अतिरिक्त समय देने का अनुरोध किया गया था। इन पहलुओं पर विचार करने के बाद आयोग ने समयसीमा एक महीने बढ़ाने का फैसला किया है।

आयोग की अधिसूचना के अनुसार, कर्मचारी और पेंशनभोगी आनलाइन माध्यम से अपने प्रस्ताव जमा कर सकते हैं। डाक से भेजे गए सुझाव स्वीकार नहीं किए जाएंगे। फिलहाल आयोग कर्मचारियों और पेंशनभोगियों से उनकी मांगें और सुझाव आमंत्रित कर रहा है।

इन प्रस्तावों के आधार पर वेतन, भत्ते और अन्य सेवा लाभों से संबंधित सिफारिशें तैयार की जाएंगी। बता दें कि बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद नई भाजपा सरकार ने जुलाई में सातवें वेतन आयोग का गठन किया था।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।