बंगाल के सरकारी अस्पतालों में होगी 62 हजार से अधिक डाक्टरों, नर्सों व स्वास्थ्यकर्मियों की भर्ती
बंगाल के सरकारी अस्पतालों में 62,000 से अधिक डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों की बड़े पैमाने पर भर्ती की तैयारी है।

62 हजार से अधिक डाक्टरों, नर्सों व स्वास्थ्यकर्मियों की भर्ती। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
HighLights
बंगाल के सरकारी अस्पतालों में 62,000 से अधिक पदों पर भर्ती।
2,000 से अधिक डॉक्टर और 10,000 नर्सों की नियुक्ति।
भर्ती प्रक्रिया भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी बनाने का लक्ष्य।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों, नर्सों व स्वास्थ्यकर्मियों के हजारों रिक्त पदों को भरने के लिए बड़े पैमाने पर भर्ती की तैयारी की जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखोपाध्याय ने बताया कि 2,000 से अधिक डॉक्टरों, 10 हजार से अधिक नर्सिंगकर्मियों और 40-50 हजार स्वास्थ्यकर्मियों की भर्ती की जाएगी।
ग्रामीण अस्पतालों में स्वास्थ्य कर्मचारियों की भारी कमी को देखते हुए स्थायी नियुक्तियों के साथ अस्थायी आधार पर भी डॉक्टरों और नर्सिंगकर्मियों को रखा जाएगा। अगले दो दिनों के भीतर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य भर्ती बोर्ड का नए सिरे से गठन किया गया है। पिछली सरकार के समय बोर्ड में राजनीतिक व्यक्तियों की मौजूदगी रहती थी। नई सरकार ने बोर्ड की संरचना में बदलाव किया है। अब जिस व्यक्ति को बोर्ड के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलेगी, वह उसी पद के अधिकार के तहत नियुक्ति प्रक्रिया संचालित करेगा।
नई व्यवस्था में भर्ती प्रक्रिया को भ्रष्टाचार-मुक्त रखा जाएगा। भर्ती प्रक्रिया को लेकर स्वास्थ्य भवन में बैठक होगी। इसमें नियुक्तियों की रूपरेखा और प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा।
स्थायी नियुक्ति में लगेगा डेढ़ साल, तब तक संविदा पर भर्ती
स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, लोक सेवा आयोग के माध्यम से डॉक्टरों की स्थायी नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी होने में करीब डेढ़ साल लग सकता है। वहीं, स्वास्थ्य भर्ती बोर्ड के माध्यम से नर्सिंगकर्मियों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति में छह से आठ महीने का समय लगने का अनुमान है।
स्थायी डॉक्टरों की नियुक्ति पूरी होने तक अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए संविदा आधार पर डाक्टरों और नर्सिंगकर्मियों की अस्थायी नियुक्ति की जाएगी।