विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: गेमिंग का झांसा देकर नाबालिगों के दस्तावेजों से खुलवाए 53 फर्जी खाते, बैंककर्मी समेत पांच गिरफ्तार

Published: Wed, 18 Nov 2026 04:36 PM (IST)

पुलिस ने उत्तर 24 परगना में ऑनलाइन गेमिंग का लालच देकर नाबालिगों के दस्तावेजों से 53 फर्जी बैंक खाते खुलवाने वाले बड़े साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है।

नाबालिगों के दस्तावेजों से खुले 53 फर्जी खाते (यह तस्वीर खबर की प्रस्तुतीकरण के लिए AI द्वारा बनाई गई है।)

नाबालिगों के दस्तावेजों से खुले 53 फर्जी खाते (यह तस्वीर खबर की प्रस्तुतीकरण के लिए AI द्वारा बनाई गई है।)

जागरण संवाददाता, बारासात । ऑनलाइन गेमिंग का लालच देकर नाबालिगों के निजी दस्तावेज हासिल करना और फिर उन्हीं दस्तावेजों के सहारे फर्जी बैंक खाते खुलवाकर करोड़ों रुपये का लेनदेन करना। उत्तर 24 परगना के आमडांगा में सक्रिय साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।

इस मामले में एक सरकारी बैंक के शाखा आपरेटर समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह के तार झारखंड के कुख्यात जामताड़ा गैंग से जुड़े होने की आशंका है।

पुलिस के अनुसार, पिछले एक वर्ष के दौरान इस गिरोह ने कम से कम 53 फर्जी बैंक खाते खुलवाए थे। एक नाबालिग की शिकायत के बाद आमडांगा थाना पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि आमडांगा के साधनपुर निवासी दिव्यज्योति सरकार उर्फ राजू इलाके के नाबालिगों को आनलाइन गेम खेलने का प्रलोभन देकर उनके आधार, पैन और अन्य व्यक्तिगत दस्तावेज हासिल करता था। इसके बाद सीएसपी के माध्यम से उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाए जाते थे।

ऐसे काम करता था गिरोह

आरोप है कि नाबालिगों से हासिल किए गए दस्तावेजों के आधार पर बैंक खाते खुलवाने के लिए बैंककर्मी की मदद ली जाती थी। खाते खुलने के बाद उनके एटीएम कार्ड गिरोह के दूसरे सदस्यों के माध्यम से झारखंड के जामताड़ा गैंग तक पहुंचाए जाते थे।

इसके बाद इन खातों का इस्तेमाल गेमिंग से जुड़े लेनदेन समेत विभिन्न प्रकार के वित्तीय लेनदेन के लिए किया जाता था। इस तरह खाताधारकों को बिना जानकारी दिए उनके बैंक खातों का इस्तेमाल कथित तौर पर अवैध धन के लेनदेन में किया जाता था।

इस मामले में झारखंड निवासी शाहबाज अंसारी और सोनू अंसारी को हावड़ा के डोमजूड़ से, सुजय चटर्जी को दक्षिण 24 परगना के गरिया से गिरफ्तार किया गया। वहीं, दिव्यज्योति सरकार और बैंककर्मी शेख सरफराज इस्लाम को भी दबोचा गया है।

बारासात जिला पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि छापेमारी में 71,500 रुपये नकद, 54 वोटर कार्ड, 27 आधार कार्ड, सात पैन कार्ड, 65 खाद्यसाथी कार्ड, मोबाइल फोन, सिम कार्ड, प्रिंटर और फिंगर स्कैनर समेत कई सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और फर्जी खातों के जरिए हुए वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।