Durga Puja 2019: पिछले 70 वर्षों से मुस्लिम कर रहे थे दुर्गापूजा, इस बार फंड के अभाव से परेशान हैं सदस्य
Durga Puja 2019फाइव स्टार नामक एक क्लब है जिसके सदस्य मुस्लिम हैं। यह क्लब पिछले 70 वर्षों से दुर्गा पूजा का आयोजन कर सांप्रदायिक सौहार्द की अनोखी मिसाल पेश करते आ रहे हैं।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। कोलकाता महानगर के खिदिरपुर इलाके के मुंशीगंज में फाइव स्टार नामक एक क्लब है जिसके अधिकांश सदस्य मुस्लिम हैं। यह क्लब पिछले 70 वर्षों से यह दुर्गा पूजा का आयोजन कर सांप्रदायिक सौहार्द की अनोखी मिसाल पेश करते आ रहे हैं। लेकिन इस साल इस पर संकट मंडरा रहा है। इस वर्ष पूजा समिति पिछले साल का आधा बजट भी नहीं जुटा पाई है।
इस इलाके में हिंदू परिवार अल्पसंख्यक हैं। अधिकांश मुस्लिम युवा ही बढ़चढ़कर दुर्गा पूजा का आयोजन करते हैं। यह पूजा बंगाल की प्राचीन बहु-सांस्कृतिक परंपरा और भाईचारा की प्रतीक है। इसे बचाया जाना चाहिए। इस आर्थिक समस्या की वजह से अब्दुल, शाहजहां, बिकास जैसे इसके तमाम सदस्य बहुत चिंतित हैं। उन्हें डर है कि कहीं यह अनोखी परंपरा आने वाले समय में खत्म ही न हो जाए।
दुर्गा पूजा समिति के कोषाध्यक्ष अब्दुल अलीम कहते हैं, राज्य सरकार की ओर से हमें 25 हजार रुपये मिला है लेकिन यह काफी नहीं है। हम राजनेताओं से पैसे मांग सकते हैं लेकिन हम उन्हें दुर्गा पूजा के साथ नहीं जोड़ना चाहते।
कमिटी के दूसरे सदस्य बिकास रॉय कहते हैं, हिंदू परिवार यहां अल्पसंख्यक हैं। अधिकांश मुस्लिम युवा ही हर साल दुर्गा पूजा का आयोजन करते हैं। यह पूजा बंगाल की प्राचीन बहु-सांस्कृतिक परंपरा और आपसी सौहार्द की प्रतीक है। इसे बचाया जाना चाहिए।