विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल माध्यमिक बोर्ड का बड़ा कदम : अब टॉप 300 कॉपियों की होगी तीन-स्तरीय जांच, मेरिट लिस्ट में नहीं रहेगी गलती की गुंजाइश

Published: Sat, 28 Nov 2026 10:29 PM (GMT+05:30)

पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड 2027 से टॉप 300 उत्तर पुस्तिकाओं की त्रि-स्तरीय पुनर्मूल्यांकन प्रणाली लागू करेगा। इसका उद्देश्य मेरिट सूची में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करना है।

पश्चिम बंगाल में विशेष त्रि-स्तरीय व्यवस्था को आगामी वर्ष 2027 की माध्यमिक परीक्षा से लागू करने की तैयारी है।

पश्चिम बंगाल में विशेष त्रि-स्तरीय व्यवस्था को आगामी वर्ष 2027 की माध्यमिक परीक्षा से लागू करने की तैयारी है।

HighLights

  1. मेरिट सूची में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए यह अहम कदम।

  2. मानवीय त्रुटियों से छात्रों के अंकों पर असर नहीं पड़ेगा, बोर्ड का लक्ष्य।

जासं, कोलकाता । पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (WBBSE) परीक्षा परिणामों में पूर्ण पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ा और अहम कदम उठाने जा रहा है। 
 
बोर्ड की योजना है कि प्रारंभिक मूल्यांकन पूरा होने के बाद सबसे अधिक अंक प्राप्त करने वाली शीर्ष 300 उत्तर पुस्तिकाओं का तीन अलग-अलग विशेषज्ञ टीमों द्वारा पुनर्मूल्यांकन कराया जाए। 
 
इस विशेष त्रि-स्तरीय व्यवस्था को आगामी वर्ष 2027 की माध्यमिक परीक्षा से लागू करने की तैयारी है।
 

2027 से लागू होगी नई मूल्यांकन व्यवस्था 

बोर्ड अध्यक्ष लालू दास ने इस प्रस्ताव की जानकारी देते हुए बताया कि यह अतिरिक्त सत्यापन प्रक्रिया नियमित परीक्षकों द्वारा की जाने वाली मौजूदा मानक जांच के पूरक के रूप में कार्य करेगी। 
 
इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य की मेरिट सूची में जगह बनाने वाले मेधावी छात्रों के अंक मूल्यांकन की किसी भी मानवीय भूल से प्रभावित न हों, चाहे उस त्रुटि से उनके अंक बढ़ें या घटें।
 

मेरिट सूची के समीकरण बदलने से रोकने की पहल 

बोर्ड के सूत्रों के अनुसार, पिछले वर्षों में अक्सर यह देखा गया है कि परीक्षा परिणाम और मेरिट सूची जारी होने के बाद जब उत्तर पुस्तिकाओं की दोबारा जांच (स्क्रूटनी या आरटीआई के तहत पुनर्मूल्यांकन) होती है, तो कई छात्रों के अंक बढ़ जाते हैं।
 
इससे शीर्ष दस की मेरिट सूची के पूरे समीकरण बदल जाते हैं और सूची में नए नाम जुड़ जाते हैं। बोर्ड अध्यक्ष का मानना है कि मेधावी विद्यार्थियों के लिए एक-एक अंक बेहद कीमती होता है और महज एक अंक का अंतर भी मेरिट सूची में उनकी रैंक को प्रभावित कर सकता है। 
 
हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि टॉप 300 कॉपियों के त्रि-स्तरीय पुनर्मूल्यांकन का यह प्रस्ताव अभी विचाराधीन है और विभिन्न पहलुओं पर विचार करने के बाद इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।