CM ममता का ऐलान, 10वीं के साथ बंगाल बोर्ड की माध्यमिक परीक्षा के नतीजे बुधवार को होंगे घोषित
पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के दसवीं के नतीजे बुधवार को सुबह 10.30 घोषित होंगे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने स्वयं यह जानकारी मंगलवार को दी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के दसवीं के नतीजे बुधवार को सुबह 10.30 घोषित होंगे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने स्वयं यह जानकारी मंगलवार को दी। साथ ही परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आगामी 17 जुलाई को उच्च माध्यमिक के नतीजे भी घोषित हो सकते हैं। हर वर्ष नतीजे मई में घोषित हो जाते थे लेकिन कोरोना के कारण लॉकडाउन शुरू हो जाने से ऐसा नहीं हो पाया। जून में भी नतीजों की घोषणा नहीं की जा सकी। अब घोषित होने जा रहा है। माध्यमिक में इस साल 10 लाख 15 हजार 888 परीक्षार्थी बैठे थे।
माध्यमिक परीक्षा 18 फरवरी को शुरू होकर 27 फरवरी को खत्म हुई थी। वेबसाइट और एसएमएस के जरिए नतीजे घोषित किए जाएंगे। स्कूलों को मार्कशीट देने से पहले सैनिटाइज करने को कहा जाएगा। माध्यमिक की मेधा सूची भी जारी की जाएगी। यह नतीजे सबसे पहले www. jagranjosh.com पर देखा जा सकता है। बोर्ड की ओर से कहा गया है कि बुधवार से ही मार्कशीट का वितरण शुरू हो जाएगा।