एचएस रिजल्ट : बैनर पर लोगो छपाई में चूक, परिषद ने स्थिति की स्पष्ट
पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद के हायर सेकेंडरी परिणाम घोषणा के दौरान बैनर पर लोगो छपाई में त्रुटि पाई गई। परिषद ने इसे प्रिंटिंग एजेंसी की अनजाने में हुई गलती बताते हुए स्पष्ट किया और कार्रवाई का आश्वासन दिया।

HighLights
हायर सेकेंडरी परिणाम घोषणा के दौरान बैनर पर लोगो में त्रुटि।
बंगाली लिपि हिंदी जैसी दिखी, अंग्रेजी अक्षर भी अस्पष्ट थे।
परिषद ने इसे प्रिंटिंग एजेंसी की गलती बताया, कार्रवाई का आश्वासन।
डिजिटल डेस्क, कोलकाता। पश्चिम बंगाल उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद ( डब्ल्यूबीसीएचएसइ) द्वारा हायर सेकेंडरी के तीसरे सेमेस्टर के नतीजे जारी किए गए। दोपहर करीब 2:30 बजे आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंच के बैनर पर लगे परिषद के लोगो में छपाई की एक अनजानी त्रुटि सामने आई। इस लोगो में बंगाली लिपि के अक्षर अस्पष्ट थे और हिंदी जैसे प्रतीत हो रहे थे। वहीं, अंग्रेजी में 'West Bengal Council of Higher Secondary Education' के अक्षरों की बनावट भी ठीक से पढ़ने योग्य नहीं थी। इस गड़बड़ी को लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) के इस्तेमाल की चर्चाएं शुरू हुईं, लेकिन परिषद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत स्थिति स्पष्ट कर दी।
अधिकारियों ने की समीक्षा, बयान जारी
गलती सामने आने के बाद परिषद के अध्यक्ष, पूर्व अध्यक्ष, सचिव और अन्य अधिकारियों ने बैठक कर पूरी स्थिति की समीक्षा की और इस पर गहरी नाराजगी जताई। परिषद ने अपने आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया कि बैनर पर लोगो को लेकर हुई यह उलझन पूरी तरह से अनजाने में हुई थी और यह प्रिंटिंग एजेंसी की ओर से हुई एक छपाई की गलती का नतीजा थी। परिषद के अधिकारियों ने कहा है कि आधिकारिक लोगो में कोई बदलाव नहीं किया गया है और वे इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एजेंसी के खिलाफ उचित कार्रवाई करेंगे।